रील के चक्कर में नाबालिग ने ली जान: द्वारका हादसे में 23 वर्षीय युवक की मौत

Authored By: News Corridors Desk | 17 Feb 2026, 03:58 PM
news-banner

दिल्ली के द्वारका इलाके में 3 फरवरी को हुई एक भीषण सड़क दुर्घटना ने एक परिवार की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं। द्वारका साउथ थाना क्षेत्र में लाल बहादुर शास्त्री कॉलेज के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो कार ने 23 वर्षीय बाइक सवार साहिल धनेश्रा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी एक टैक्सी से जा भिड़ी। हादसे में साहिल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि टैक्सी चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।

दिल्ली पुलिस के अनुसार, सुबह 11:57 बजे हादसे की सूचना द्वारका साउथ थाने में मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि स्कॉर्पियो कार 17 वर्षीय नाबालिग चला रहा था, जिसके पास ड्राइविंग लाइसेंस भी नहीं था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, लेकिन बाद में उसे बोर्ड परीक्षा में शामिल होने के लिए अंतरिम जमानत दे दी गई।इस घटना के बाद मृतक साहिल की मां इन्ना माकन ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि जिस स्कॉर्पियो से उनके बेटे की बाइक को टक्कर मारी गई, उस पर पहले से 13 चालान दर्ज थे और सभी ओवरस्पीडिंग के थे। उन्होंने सवाल उठाया कि इतने चालान होने के बावजूद वाहन मालिक और परिवार ने उसे दोबारा गाड़ी चलाने से क्यों नहीं रोका। उनका आरोप है कि यह सिर्फ एक सड़क हादसा नहीं, बल्कि लापरवाही और आपराधिक मानसिकता का परिणाम है।

इन्ना माकन ने बताया कि उनका बेटा 3 फरवरी की सुबह रोज की तरह ऑफिस जा रहा था। उसी दौरान स्कॉर्पियो चालक तेज रफ्तार में गाड़ी चला रहा था। उन्होंने दावा किया कि कार में चालक की बहन भी बैठी थी और वह रील बना रही थी। उनके अनुसार, स्कॉर्पियो चालक उल्टी लेन में गाड़ी चला रहा था और बस के सामने स्टंट करने की कोशिश कर रहा था। बस के बाईं ओर एक ई-रिक्शा खड़ा था, जिससे सड़क संकरी हो गई थी। साहिल ने दाईं ओर देखकर निकलने की कोशिश की, लेकिन तभी स्कॉर्पियो ने बस के सामने स्टंट किया और उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि साहिल उछलकर दूर जा गिरे।हादसे में एक कैब ड्राइवर भी गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। परिवार का कहना है कि यह सामान्य दुर्घटना नहीं थी, बल्कि सोशल मीडिया पर रील बनाने की होड़ में की गई खतरनाक हरकत का नतीजा थी। इन्ना माकन ने कहा कि कुछ युवा यह सोचते हैं कि वे सड़क पर कुछ भी कर सकते हैं क्योंकि उनके माता-पिता के पास पैसे हैं। उन्होंने इसे आपराधिक सोच बताया और कहा कि उनके बेटे की जान किसी की “फन रील” की वजह से गई है।

उन्होंने यह भी कहा कि आरोपी के खिलाफ पहले से कई ओवरस्पीडिंग चालान थे, जो यह साबित करते हैं कि वह पहले भी लापरवाही से वाहन चलाता रहा है। बावजूद इसके, उसके परिवार ने उसे नहीं रोका। उन्होंने पुलिस से मुलाकात कर निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले की निष्पक्ष जांच होगी।साहिल धनेश्रा की असमय मौत से परिवार सदमे में है। एक मेहनती युवा, जो अपने भविष्य के सपनों को पूरा करने के लिए रोज की तरह काम पर निकला था, वह घर वापस नहीं लौट सका। उसकी मां अब अपने बेटे के लिए इंसाफ की गुहार लगा रही हैं। यह घटना एक बार फिर सड़क सुरक्षा, नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने और सोशल मीडिया के लिए खतरनाक स्टंट करने की प्रवृत्ति पर गंभीर सवाल खड़े करती है।