Uttar Pradesh News : यूपी के सुल्तानपुर जिले में पुलिस ने फर्जी शादी कर ठगी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस मामले में तीन महिलाओं समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का कहना है कि गिरोह शादी के नाम पर लोगों को जाल में फंसाकर उनसे पैसे और जेवर ठगता था।
शादी के बाद रास्ते में रोकी गाड़ी
जानकारी के अनुसार,राजस्थान के करौली निवासी जगदीश अपने बेटे रोहिताश की शादी के लिए देवरिया आए थे। शादी के बाद जब परिवार खुशी-खुशी लौट रहा था, तभी एक्सप्रेस-वे पर 110 किमी के पास कैंटीन के पास गाड़ी रुकवाई गई। आरोप है कि शशि और सुमन नाम की महिलाओं ने दूल्हे के परिवार से पैसों की मांग की। पैसे न देने पर गिरोह के अन्य सदस्य भी मौके पर पहुंच गए और जान से मारने की धमकी देने लगे। डर के कारण परिवार ने 7 हजार रुपये दे दिए, लेकिन आरोपियों का दबाव जारी रहा।
फर्जी शादियों का जाल
शिकायत मिलने के बाद धनपतगंज थाना पुलिस ने जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि यह एक संगठित गिरोह है, जो फर्जी शादियां कराकर भोले-भाले परिवारों से नकदी और जेवर ऐंठता था। विरोध करने पर झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी दी जाती थी। पुलिस के अनुसार, जिस दुल्हन सुमन से शादी कराई गई, उसका असली नाम मुस्कान उर्फ प्रियंका है और वह पहले से शादीशुदा है। शादी में मिले चांदी के जेवर और अन्य सामान भी अपने पास रख लिए गए थे।
चार आरोपी गिरफ्तार
थाना प्रभारी नंदलाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बेनीपुर अंडरपास के पास से सुनील कुमार, मुस्कान उर्फ सुमन, शशि भारती और रानी निशा को गिरफ्तार किया। गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि शादी के नाम पर ठगी करने वाले ऐसे गिरोहों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। यह मामला सिर्फ एक परिवार के साथ ठगी नहीं, बल्कि भरोसे के साथ धोखा करने की घटना है।