Moradabad: मुरादाबाद में आयोजित एक जनसभा के दौरान ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहाद-उल-मुस्लिमीन (AIMIM) के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली के एक बयान ने सियासी हलकों में विवाद खड़ा कर दिया है। मंच से संबोधन के दौरान उन्होंने जनसंख्या बढ़ाने को लेकर टिप्पणी करते हुए ‘हम दो, हमारे दो दर्जन’ का नारा दिया और मुसलमानों से अधिक बच्चे पैदा करने की अपील की।
शौकत अली ने कहा कि यह उनकी पार्टी का नया नारा है। उन्होंने दावा किया कि उनके आठ बच्चे हैं, जबकि उनके बड़े भाई के 16 बच्चे हैं। जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जब अल्लाह देता है, तो उसे स्वीकार करना चाहिए। उनका यह भी कहना था कि कुछ लोग मुस्लिम आबादी बढ़ने को लेकर चिंतित रहते हैं, जबकि उनके अनुसार जनसंख्या बढ़ने से देश मजबूत होता है।
सपा नेताओं पर लगाए आरोप
अपने भाषण के दौरान शौकत अली ने समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कांठ से सपा विधायक और पूर्व कैबिनेट मंत्री कमाल अख्तर का नाम लेते हुए आरोप लगाया कि मुरादाबाद में शराब के कारोबार से उनका जुड़ाव है। उन्होंने यह भी कहा कि गजल बार से जुड़ी गतिविधियों के बारे में सभी जानते हैं।
सुरक्षा और मॉब लिंचिंग का मुद्दा भी उठाया
शौकत अली ने अपने संबोधन में मॉब लिंचिंग और मुस्लिम समुदाय की सुरक्षा का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने दावा किया कि सपा नेता खुद शराब के कारोबार से जुड़े हैं, लेकिन AIMIM पर बीजेपी की ‘बी टीम’ होने के आरोप लगाते हैं। इसके साथ ही उन्होंने हिंदू संगठनों से जुड़ी महिलाओं द्वारा कथित तौर पर मुस्लिमों के साथ दुर्व्यवहार किए जाने का भी उल्लेख किया।
इस बयान के सामने आने के बाद राजनीतिक प्रतिक्रियाएं तेज हो गई हैं और विपक्षी दलों की ओर से कड़ी आलोचना की जा रही है।