विधानसभा चुनाव से पहले हरक सिंह रावत का बड़ा बयान, बोले– टिकट तो राहुल गांधी का भी फाइनल नहीं है

Authored By: News Corridors Desk | 09 Feb 2026, 02:34 PM
news-banner

कांग्रेस की चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष और पूर्व मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर टिकट वितरण पर स्पष्ट रुख रखा है। उन्होंने कहा कि इस बार पार्टी टिकट उसी उम्मीदवार को देगी, जो चुनाव जीतने की क्षमता रखता हो। इस दौरान उन्होंने उन नेताओं पर टिप्पणी की, जो राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे का नाम लेकर यह कह रहे हैं कि उनका टिकट तय है। हरक सिंह रावत ने कहा कि टिकट तो राहुल गांधी का भी फाइनल नहीं होता, फिर कोई और कैसे ऐसा दावा कर सकता है।

कार्यकर्ताओं के एक कार्यक्रम में डॉ. रावत ने कहा कि कई लोग यह कह रहे हैं कि उनका टिकट पक्का है, जबकि पार्टी स्तर पर अभी कोई फैसला नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि पार्टी ने उन्हें प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति का अध्यक्ष बनाया है और टिकट को लेकर अंतिम निर्णय पार्टी की प्रक्रिया के अनुसार लिया जाएगा। उनका कहना था कि किसी का नाम लेना या दबाव बनाना टिकट तय होने का आधार नहीं हो सकता।

हरक सिंह रावत ने यह भी स्पष्ट किया कि उनके पास टिकट के लिए कई सिफारिशें आ रही हैं, लेकिन वह किसी सिफारिश या दबाव में निर्णय नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि चाहे कोई उनका करीबी हो या किसी बड़े नेता के करीब माना जाता हो, टिकट उसी को मिलेगा जो पार्टी को जीत दिलाने की स्थिति में होगा।

अपने बयान के अंत में डॉ. रावत ने कहा कि वह पार्टी के अनुशासित कार्यकर्ता हैं। यदि उन्हें चुनाव लड़ने का मौका नहीं मिलता है, तो भी वह संगठन के लिए काम करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के समर्थन में नारे लगाना पार्टी के समर्थन का ही हिस्सा है और ज्योति रौतेला के समर्थन को उन्होंने महिलाओं के समर्थन से जोड़ा।