राजपाल यादव की मुश्किलें: इंडस्ट्री ने मदद के लिए बढ़ाया हाथ

Authored By: News Corridors Desk | 11 Feb 2026, 03:37 PM
news-banner

कॉमेडी और दमदार एक्टिंग से लोगों के चेहरे पर हंसी लाने वाले अभिनेता राजपाल यादव इन दिनों मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं। फिल्म इंडस्ट्री में 25 साल से ज्यादा समय से काम कर रहे राजपाल ने ‘छोटा पंडित’, ‘बाजे’ और कई यादगार किरदार निभाए हैं। लेकिन अब उनकी जिंदगी में एक बड़ा संकट सामने आया है।

यह मामला उनकी 2010 में रिलीज हुई फिल्म ‘अता पता लापता’ से जुड़ा है, जिसे उन्होंने खुद डायरेक्ट किया था। यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल नहीं रही। फिल्म बनाने के लिए उन्होंने एक कंपनी से लगभग 5 करोड़ रुपये उधार लिए थे। फिल्म फ्लॉप होने के बाद कर्ज बढ़ता गया और मामला कोर्ट तक पहुंच गया।

राजपाल यादव पर चेक बाउंस के सात मामले दर्ज हैं। हर मामले में लगभग 1.35 करोड़ रुपये की राशि चुकानी है। उन्होंने कोर्ट से पैसे चुकाने के लिए समय मांगा था, लेकिन दिल्ली हाईकोर्ट ने उनकी याचिका खारिज कर दी। इसके बाद राजपाल यादव ने तिहाड़ जेल में सरेंडर कर दिया।

यह खबर सामने आते ही फिल्म इंडस्ट्री और राजनीति में हलचल मच गई। कई कलाकार और नेता उनके समर्थन में आगे आए। सबसे पहले सोनू सूद ने मदद का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि वह अपनी अगली फिल्म में राजपाल यादव को साइन कर चुके हैं और उन्हें साइनिंग अमाउंट देंगे। सोनू सूद ने इसे दया नहीं, सम्मान बताया और कहा कि “कई बार टैलेंट नहीं, हालात हार जाते हैं।”

इसके बाद कई लोगों ने मदद की पेशकश की। अभिनेता गुरमीत चौधरी ने दुख जताया और इंडस्ट्री से एकजुट होने की अपील की। म्यूजिक प्रोड्यूसर राव इंदरजीत सिंह यादव ने 1.11 करोड़ रुपये की मदद दी। फिल्म क्रिटिक KRK ने 10 लाख रुपये देने की बात कही। वहीं नेता तेज प्रताप यादव ने 11 लाख रुपये मदद का ऐलान किया।

फिल्म संस्था FWICE (Federation of Western India Cine Employees) ने भी सभी कलाकारों से राजपाल यादव के साथ खड़े होने की अपील की। संस्था ने कहा कि यह दान नहीं, बल्कि एक साथी कलाकार की मदद है।

एक मीडिया इंटरव्यू में राजपाल यादव के मैनेजर गोल्डी ने बताया कि कई लोग उनकी मदद के लिए आगे आए हैं। उन्होंने कहा कि सोनू सूद, सलमान खान, अजय देवगन जैसे सितारों ने समर्थन दिया है। गोल्डी ने बताया कि डेविड धवन, वरुण धवन सहित कई लोग भी मदद के लिए तैयार हैं।

जिस कलाकार ने दशकों तक लोगों को हंसाया, आज वही मदद की उम्मीद में है। अब यह देखना बाकी है कि यह एकजुटता उन्हें कब राहत दे पाएगी और वे कब फिर से लोगों को हंसाने लौटेंगे।