भारत-पाक मैच से पीछे हटा पाकिस्तान
टी20 वर्ल्ड कप में भारत और पाकिस्तान के बीच 15 फरवरी को कोलंबो में होने वाला बहुप्रतीक्षित मुकाबला अब नहीं खेला जाएगा। पाकिस्तानी सरकार ने इस मैच में उतरने से इनकार कर दिया है, हालांकि पाकिस्तान ने यह साफ किया है कि वह टूर्नामेंट में हिस्सा जरूर लेगा। भारत-पाकिस्तान की प्रतिद्वंद्विता को क्रिकेट की सबसे बड़ी राइवलरी माना जाता है, ऐसे में इस फैसले ने क्रिकेट जगत में हलचल मचा दी है। मैदान पर टक्कर से पहले ही माहौल राजनीतिक और भावनात्मक रूप से गरमा गया है।
कपिल देव का कड़ा बयान
पाकिस्तान के इस फैसले पर भारत के पूर्व कप्तान और 1983 वर्ल्ड कप विजेता कपिल देव ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। एक मीडिया बातचीत में कपिल देव ने कहा कि यह कदम भारत से ज्यादा पाकिस्तान के भविष्य को नुकसान पहुंचाने वाला है। उन्होंने साफ कहा कि यह मामला सिर्फ राजनीति या देश की छवि तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे युवा क्रिकेटरों के करियर पर सीधा असर पड़ेगा। उनके मुताबिक, इस तरह के फैसले खिलाड़ियों के सपनों को तोड़ने वाले होते हैं।
‘खिलाड़ियों का भविष्य दांव पर’
कपिल देव ने आगे कहा, “अगर यह फैसला खिलाड़ियों ने लिया है, तो उन्हें सामने आकर कहना चाहिए। लेकिन अगर बोर्ड यह तय करता है कि आप नहीं खेलेंगे, तो इससे देश की साख गिरती है।” उन्होंने चेतावनी दी कि बार-बार मैचों से पीछे हटने और बहिष्कार करने से पाकिस्तान क्रिकेट धीरे-धीरे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अलग-थलग पड़ जाएगा। कपिल देव के अनुसार, ऐसे हालात में पाकिस्तान एक पूरी क्रिकेट पीढ़ी को नुकसान पहुंचा रहा है।