तेज प्रताप पहुँचे विजय सिन्हा के दही-चूड़ा भोज में -कहा- इंतजार कीजिए...
क्या बीजेपी लालू परिवार को तोड़ने में लगी है क्या तेज प्रताप यादव बीजेपी में शामिल होने जा रहे है ।ये लाख टके का सवाल है जो राजनीति के गलियारे में चर्चा का विषय बना हुआ है ।उप मुख्य मंत्री विजय सिन्हा के यहाँ दही-चूड़ा भोज की तस्वीरों ने यह साफ कर दिया है कि बिहार की राजनीति में पर्दे के पीछे नई चालें चली जा रही हैं, तेज प्रताप यादव इन बदलते समीकरणों के केंद्र में नज़र आ रहे हैं ।
बिहार की राजनीति में मकर सक्रांति के मौके पर होने वाला दही-चूड़ा भोज अब सिर्फ परंपरा नहीं, बल्कि सियासी संदेशों का मंच बनता दिख रहा है. मंगलवार को उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा के आवास पर आयोजित दही-चूड़ा भोज में RJD सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव की मौजूदगी ने राजनीतिक हलकों में हलचल तेज कर दी है. NDA के बड़े नेताओं की मौजूदगी वाले इस आयोजन में तेज प्रताप यादव का पहुंचना और उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा के साथ खुलकर बातचीत और सौहार्दपूर्ण तस्वीरें कई संकेत दे गईं. राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह सिर्फ शिष्टाचार नहीं, बल्कि बदलते राजनीतिक समीकरणों की ओर इशारा है.
खरमास के बाद कुछ बड़ा– संकेत साफ
कार्यक्रम के दौरान तेज प्रताप यादव ने इशारों-इशारों में यह भी कहा कि खरमास के बाद कुछ बड़ा देखने को मिल सकता है, जिससे बिहार की राजनीति में नई चर्चाओं को हवा मिल गई है. तेज प्रताप के इस बयान को उनके भविष्य के राजनीतिक कदमों से जोड़कर देखा जा रहा है. आज बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा के आवास पर दही-चूड़ा भोज का आयोजन रखा गया. इस कार्यक्रम में बिहार के एनडीए नेताओं का जमावड़ा लगा.
अब तेज प्रताप के भोज पर टिकी है निगाहें
मालूम हो कि तेज प्रताप यादव ने भी विजय सिन्हा सहित एनडीए के कई नेताओं और मंत्रियों को अपने आवास पर होने वाले दही-चूड़ा भोज के लिए भी आमंत्रण दिया है. अब सबकी नजरे तेज प्रताप यादव के यहां होने वाले दही चूड़ा भोज पड़ टिकी है. देखना होगा कि इस भोज में कौन-कौन नेता शामिल होते हैं.
NDA नेताओं से नजदीकी, नई राजनीति की शुरुआत?
एनडीए मंच पर तेज प्रताप की मौजूदगी और लगातार बढ़ते संपर्कों ने बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है— क्या एनडीए नेताओं से बढ़ती नजदीकी तेज प्रताप यादव की भविष्य की राजनीति की शुरुआत है? या फिर यह आने वाले दिनों में बिहार की सियासत में किसी बड़े बदलाव का संकेत है?