बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता और फिल्म निर्माता मनोज कुमार का 87 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर कई सेलेब्रिटीज और फैंस ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया।
कब और कहां होगा अंतिम संस्कार?
मनोज कुमार का पार्थिव शरीर फिलहाल अस्पताल में रखा गया है। उनके बेटे कुणाल गोस्वामी मुंबई में मौजूद हैं, लेकिन कुछ परिजन विदेश में हैं, जिनके आने का इंतजार किया जा रहा है। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, अभिनेता का अंतिम संस्कार कल दोपहर 12 बजे मुंबई के विलेपार्ले स्थित हिंदू श्मशान भूमि पर किया जाएगा।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, मनोज कुमार का निधन एक्यूट मायोकार्डियल इंफार्क्शन (गंभीर दिल का दौरा) के कारण कार्डियोजेनिक शॉक से हुआ। इसके अलावा, वे पिछले कुछ महीनों से डीकंपेंसेटेड लिवर सिरोसिस से भी जूझ रहे थे, जिसके चलते उनकी सेहत काफी खराब हो गई थी।
बेटे कुणाल गोस्वामी का भावुक बयान
मनोज कुमार के बेटे कुणाल गोस्वामी ने मीडिया से बातचीत में अपने पिता के निधन पर गहरा शोक जताया। उन्होंने कहा, "मेरे पिता मनोज कुमार का आज सुबह 3:30 बजे कोकिलाबेन अस्पताल में निधन हो गया। वह लंबे समय से बीमार थे, लेकिन उन्होंने हर मुश्किल का डटकर सामना किया। भगवान की कृपा और साईं बाबा के आशीर्वाद से उन्होंने शांतिपूर्वक अंतिम सांस ली। उनका अंतिम संस्कार कल किया जाएगा। सिया राम।"
मनोज कुमार के निधन से भारतीय सिनेमा में एक युग का अंत हो गया है। अपने करियर में उन्होंने राष्ट्रीय गौरव और एकता की भावना पर आधारित फिल्मों में अभिनय और निर्देशन किया। उन्होंने भारतीय सिनेमा में महत्वपूर्ण योगदान दिया, जिसके लिए उन्हें कई प्रतिष्ठित पुरस्कार मिले। इनमें एक राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार और विभिन्न श्रेणियों में सात फिल्मफेयर पुरस्कार शामिल हैं।
मनोज कुमार की देशभक्ति और सामाजिक संदेशों से भरपूर फिल्में आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनी रहेंगी। उपकार, शहीद, पूरब और पश्चिम जैसी फिल्मों ने उन्हें 'भारत कुमार' के रूप में अमर बना दिया। उनका योगदान भारतीय सिनेमा में हमेशा याद किया जाएगा।