राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के सुप्रीमो और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव ने आज अपना 78वां जन्मदिन मनाया। उन्होंने रात 12 बजे केक काटकर इस खास दिन की शुरुआत की। जन्मदिन को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखा गया। पूरे बिहार में जगह-जगह RJD कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया।
राबड़ी आवास पर उमड़ा जनसैलाब
इस अवसर पर लालू यादव के आवास, 10 सर्कुलर रोड, पटना पर दिनभर लोगों की भीड़ लगी रही। पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के घर के बाहर सुबह से ही कार्यकर्ता और समर्थक ढोल-नगाड़ों के साथ पहुंचे। पोस्टर, बैनर, मिठाइयों और केक के डिब्बों के साथ लोग नाचते-गाते नजर आए। कई समर्थकों ने हाथों में तलवारें लेकर पारंपरिक अंदाज में उत्सव मनाया।
राजद के राष्ट्रीय महासचिव अनिल कुमार लालू यादव को बधाई देने के लिए 78 तरह के फलों का टोकरा लेकर पहुंचे। वहीं, कार्यकर्ताओं की ओर से 78 किलो का विशाल लड्डू लाया गया, जिसे लालू यादव ने तलवार से काटकर परंपरागत अंदाज में उत्सव की शोभा बढ़ाई।
'सामाजिक सद्भावना दिवस' के रूप में मना रही है पार्टी
RJD इस दिन को 'सामाजिक सद्भावना दिवस' के रूप में मना रही है। पार्टी का कहना है कि लालू प्रसाद यादव ने अपने राजनीतिक जीवन में हमेशा सामाजिक न्याय और समरसता की बात की है। पटना स्थित पार्टी कार्यालय में भी 78 पौंड (लगभग 35 किलो) का केक काटा जाएगा।
लालू यादव के जन्मदिन पर सिर्फ कार्यकर्ता ही नहीं, बल्कि कई दिग्गज नेताओं ने भी उन्हें शुभकामनाएं दीं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा:
“बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव जी को जन्मदिन की ढेरों शुभकामनाएं। हमारे बीच का रिश्ता सिर्फ राजनीति तक सीमित नहीं रहा—यह एक गहरा मानवीय जुड़ाव रहा है, जो समान मूल्यों और सामाजिक न्याय के संघर्ष पर आधारित है। आपका जीवन संघर्षों से भरा रहा है, लेकिन आपने हमेशा मजबूती और हौसले के साथ उन लोगों की आवाज उठाई है, जिन्हें अक्सर अनसुना कर दिया जाता है। आज आपके जन्मदिन पर मैं आपके अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना करता हूं।”
लालू प्रसाद यादव भारतीय राजनीति में सामाजिक न्याय की राजनीति के प्रमुख चेहरे रहे हैं। उन्होंने अपने कार्यकाल में पिछड़ों और वंचितों की आवाज को राष्ट्रीय पटल तक पहुंचाया। उनके जन्मदिन का यह भव्य आयोजन न सिर्फ उनकी लोकप्रियता को दर्शाता है, बल्कि पार्टी के भीतर उनके प्रभाव को भी स्पष्ट करता है।