सिंगापुर की एक अदालत में मंगलवार को एक भारतीय नागरिक रजत पर विमान के अंदर 28 वर्षीय महिला केबिन क्रू सदस्य के साथ कथित छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया गया। यह घटना 28 फरवरी को सिंगापुर एयरलाइंस की एक फ्लाइट में घटी थी, जो ऑस्ट्रेलिया से सिंगापुर आ रही थी।
महिला क्रू को जबरन टॉयलेट में ले जाने का आरोप
पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, महिला क्रू सदस्य एक अन्य महिला यात्री को टॉयलेट की ओर ले जा रही थीं। इसी दौरान उन्होंने फर्श पर गिरे एक टिश्यू पेपर को देखा और उसे उठाने के लिए झुकीं। तभी आरोपी रजत पीछे से आया और उन्हें धक्का देकर जबरन टॉयलेट में ले गया।
टॉयलेट में पहले से मौजूद महिला यात्री ने स्थिति को भांपते हुए तुरंत हस्तक्षेप किया और पीड़िता को बाहर निकालकर केबिन सुपरवाइजर को घटना की जानकारी दी। घटना की सूचना मिलते ही विमान में मौजूद स्टाफ ने संबंधित अधिकारियों को सूचित किया। जैसे ही फ्लाइट सिंगापुर के चांगी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरी, आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
रिपोर्ट्स के अनुसार, आरोपी 20 वर्षीय रजत के खिलाफ ‘मर्यादा भंग करने के इरादे से बल प्रयोग’ की धारा के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।
आरोपी ने दोष स्वीकारने की जताई मंशा
मंगलवार को अदालत में पेश हुए रजत ने कहा कि वह अपना दोष स्वीकार करना चाहता है। अदालत ने मामले की अगली सुनवाई के लिए 14 मई 2025 की तारीख तय की है।
अधिकारियों के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए पूरी जांच प्रक्रिया तेज़ कर दी गई है।