केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बिहार में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर बड़ा राजनीतिक संकेत देते हुए ऐलान किया कि नीतीश कुमार ही एनडीए की ओर से मुख्यमंत्री पद का चेहरा होंगे। उन्होंने दावा किया कि एनडीए इस बार दो-तिहाई बहुमत से सरकार बनाएगी। राजनाथ ने कहा कि "हमारे मुख्यमंत्री हों या उपमुख्यमंत्री, उनके दामन पर कोई दाग नहीं है। कोई माई का लाल यह साबित नहीं कर सकता। यह चुनाव पूरी तरह विकास पर केंद्रित होगा।"
लालू-राजद और कांग्रेस पर तीखा हमला
राजनाथ सिंह ने राजद और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि "राजद और कांग्रेस की सरकारों ने बिहार को बर्बाद कर दिया था।" उन्होंने आरोप लगाया कि अपराध, जातिवाद और जंगलराज के कारण बिहार को अंधेरे में धकेल दिया गया था। "जो बिहार कभी गर्त में जा चुका था, आज वही बिहार आत्मनिर्भर बन गया है,"
कर्पूरी ठाकुर की विचारधारा सिर्फ NDA ला सकती है
राजनाथ सिंह ने जननायक कर्पूरी ठाकुर का नाम लेते हुए कहा कि उनकी समाजवादी विचारधारा को सही मायनों में केवल भाजपा और एनडीए ही आगे बढ़ा सकते हैं। उन्होंने कहा, "लालू यादव ने कर्पूरी जी का कभी सम्मान नहीं किया। उल्टा उनके लिए अपशब्द कहे। आज वही लोग उनके नाम पर राजनीति कर रहे हैं।" राजनाथ ने याद दिलाया कि भारत रत्न कर्पूरी ठाकुर को केंद्र सरकार ने मरणोपरांत सम्मानित किया, जबकि लालू यादव जैसे नेता केवल नारे लगाते हैं।
लालू यादव को खरी-खरी सुनाई
राजनाथ सिंह ने लालू यादव की समाजवादी राजनीति और दलित-पीड़ितों के लिए उनकी प्रतिबद्धता पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि लालू यादव ने बाबा साहब आंबेडकर की तस्वीर को पैरों के पास रखकर अपमान किया। "ये दर्शाता है कि आरजेडी की सोच कितनी खोखली है," राजनाथ ने कहा। उन्होंने आगे जोड़ा, "लालू राज में संविधान की जगह गोलियों की आवाज सुनाई देती थी। समाज के नाम पर सामंतवादी सोच के लोग समाजवाद का नकाब पहनकर बिहार को धोखा देते रहे हैं।"
राजनाथ सिंह ने यह भी स्पष्ट किया कि आगामी चुनावों में भाजपा और एनडीए का फोकस केवल और केवल विकास और सुशासन पर होगा। उन्होंने कहा कि बिहार में अब अपराध नहीं, बल्कि विकास, रोजगार और आत्मनिर्भरता की चर्चा होनी चाहिए। "हमने जो कहा, वो करके दिखाया है। अब जनता को तय करना है कि बिहार किस दिशा में जाए,"