ट्रंप के दबाव में पाकिस्तान के साथ किया सीजफायर-राहुल ने पीएम मोदी की विदेश नीति पर उठाए सवाल

Authored By: News Corridors Desk | 03 Jun 2025, 06:53 PM
news-banner

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी मंगलवार को मध्य प्रदेश के दौरे पर पहुंचे, जहां उन्होंने पार्टी के ज़मीनी ढांचे को मज़बूत करने और कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरने के उद्देश्य से शुरू किए गए अभियान का नेतृत्व किया। यह दौरा आगामी 2028 विधानसभा चुनावों की दृष्टि से कांग्रेस की रणनीतिक तैयारियों का हिस्सा माना जा रहा है।

कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन में राहुल गांधी का भाषण


भोपाल में आयोजित कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि आज भारत में विचारधाराओं की लड़ाई चल रही है — एक ओर संविधान और कांग्रेस है, तो दूसरी ओर बीजेपी-आरएसएस, जो इस संविधान को खत्म करने पर तुले हैं।

राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि देश की सभी संवैधानिक संस्थाओं पर बीजेपी और आरएसएस का कब्जा हो चुका है। उन्होंने कहा, इन लोगों ने हर संस्था में अपने लोगों को बैठा दिया है, और अब धीरे-धीरे देश का गला घोंटा जा रहा है। राहुल गांधी ने कहा कि यह समय देश के संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए निर्णायक है।

कांग्रेस की दो प्रमुख लड़ाइयाँ

राहुल गांधी ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी दो महत्वपूर्ण मुद्दों को अपनी प्राथमिकता मानती है:

संविधान की रक्षा औऱ सामाजिक न्याय की बहाली। उन्होंने दोहराया कि उनकी पार्टी जातिगत जनगणना को संसद से पारित कराने के लिए प्रतिबद्ध है, क्योंकि यह सामाजिक न्याय की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।


राहुल गांधी ने सत्ताधारी दल को "डरपोक" करार देते हुए कहा, मैं इन्हें अच्छे से जान चुका हूं। थोड़ा सा दबाव बनाओ, तो डरकर भाग जाते हैं। उन्होंने कहा कि यह जनता की एकजुटता और विपक्ष की ताकत का परिणाम है कि बीजेपी डर जाती है।


राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश नीति पर भी निशाना साधा। उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का हवाला देते हुए कहा, ट्रंप ने फोन किया और इशारा किया कि मोदी जी क्या कर रहे हो? और मोदी जी ने ‘जी हूजूर’ कहकर सरेंडर कर दिया। इस तंज के ज़रिए उन्होंने मोदी सरकार की कथित कमजोर कूटनीतिक स्थिति पर सवाल खड़े किए। राहुल गांधी ने कहा नरेंदर, सरेंडर और 'जी हूजूर' कर के मोदी जी ने ट्रंप के इशारे का पालन किया।

इंदिरा गांधी से की तुलना

राहुल गांधी ने अपनी दादी और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का उदाहरण देते हुए कहा कि जब अमेरिका ने 7th फ्लीट भेजा था, तब भी इंदिरा जी ने पीछे हटने से मना कर दिया था। उन्होंने कहा, ये लोग आज़ादी के समय से ही सरेंडर करने वाली चिट्ठी लिखते आए हैं। कांग्रेस पार्टी कभी सरेंडर नहीं करती। उन्होंने महात्मा गांधी, जवाहरलाल नेहरू और सरदार पटेल का ज़िक्र करते हुए कहा कि ये नेता कभी झुके नहीं, बल्कि विश्व की महाशक्तियों का भी सामना किया।