प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में ‘लोकमाता देवी अहिल्याबाई महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन’ में शामिल हुए। जंबूरी मैदान में आयोजित इस ऐतिहासिक कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री ने महिला सशक्तिकरण, सांस्कृतिक विरासत और विकास के मुद्दों पर जोरदार संदेश दिया।
देवी अहिल्याबाई को दी श्रद्धांजलि
प्रधानमंत्री मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए देवी अहिल्याबाई होलकर के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा, “देवी अहिल्याबाई भारत की विरासत की बहुत बड़ी संरक्षक थीं। जब हमारे तीर्थ और मंदिर संकट में थे, तब उन्होंने देशभर में उनका पुनर्निर्माण कराया।” प्रधानमंत्री ने उन्हें संस्कृति, सेवा और संकल्प की प्रतीक बताया और कहा कि उनका जीवन यह दिखाता है कि अगर इच्छाशक्ति हो, तो कोई भी चुनौती पार की जा सकती है।
महिलाओं के हाथों में रही आयोजन की बागडोर
महासम्मेलन की खास बात यह रही कि पूरे आयोजन की कमान महिलाओं के हाथों में सौंपी गई थी। सुरक्षा से लेकर मंच संचालन, हेलीपैड मैनेजमेंट तक सभी जिम्मेदारियां महिला अधिकारियों और कर्मचारियों ने निभाईं। सिंदूर कलर की साड़ियों में 15,000 महिलाएं प्रधानमंत्री के स्वागत में शामिल हुईं। एक महिला पायलट ने दतिया से विमान उड़ाकर नारी शक्ति का प्रतीकात्मक संदेश दिया।
भोपाल शहर ‘ऑपरेशन सिंदूर’ से जुड़े पोस्टरों से पटा हुआ नजर आया। यह स्वागत आयोजन ऑपरेशन सिंदूर की सफलता और महिला नेतृत्व के प्रति आभार प्रकट करने का प्रतीक बना। बीजेपी महिला मोर्चा की प्रमुख महिलाएं भी मंच पर प्रधानमंत्री के साथ मौजूद रहीं।
महिला कलाकार को मिला 'राष्ट्रीय देवी अहिल्याबाई पुरस्कार'
महिलाओं के योगदान को सम्मान देने के लिए प्रधानमंत्री मोदी ने एक महिला कलाकार को राष्ट्रीय देवी अहिल्याबाई पुरस्कार प्रदान किया। यह पुरस्कार आदिवासी, लोक और पारंपरिक कलाओं में योगदान के लिए दिया गया। साथ ही, प्रधानमंत्री ने देवी अहिल्याबाई के सम्मान में एक स्मारक डाक टिकट और 300 रुपये का विशेष सिक्का भी जारी किया, जिसमें अहिल्याबाई होलकर का चित्र अंकित है।
विकास की सौगातें: हवाई अड्डों से लेकर मेट्रो तक
प्रधानमंत्री मोदी ने मध्य प्रदेश को कई अहम सौगातें भी दीं:
दतिया और सतना हवाई अड्डों का उद्घाटन, जिससे विंध्य क्षेत्र में पर्यटन, स्वास्थ्य और शिक्षा के नए द्वार खुलेंगे।
उज्जैन सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के तहत 860 करोड़ रुपये के घाट निर्माण कार्यों की आधारशिला रखी गई।
इंदौर मेट्रो की येलो लाइन पर यात्री सेवाओं का शुभारंभ किया गया।
1,271 अटल ग्राम सुशासन भवनों के लिए 480 करोड़ रुपये की पहली किस्त जारी की गई, जो ग्राम पंचायतों को स्थायी बुनियादी ढांचा प्रदान करेगी।
भोपाल पहुंचने पर प्रधानमंत्री ने एक भव्य रोड शो किया। सड़क के दोनों ओर खड़े लोगों का उन्होंने हाथ हिलाकर अभिवादन स्वीकार किया। उनके साथ मुख्यमंत्री मोहन यादव भी मौजूद रहे। रोड शो का समापन जंबूरी मैदान में जनसभा के साथ हुआ।