पीएम मोदी को मिला घाना का सर्वोच्च नागरिक सम्मान, देशवासियों को किया समर्पित

Authored By: News Corridors Desk | 03 Jul 2025, 01:36 PM
news-banner

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को घाना सरकार ने अपने देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ऑर्डर ऑफ द स्टार ऑफ घाना’ से सम्मानित किया है। यह सम्मान घाना के राष्ट्रपति जॉन ड्रामानी महामा ने प्रदान किया। पीएम मोदी को यह सम्मान भारत-घाना संबंधों को सशक्त बनाने और अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की भूमिका को मजबूती देने के लिए दिया गया है।

प्रधानमंत्री मोदी ने इस सम्मान को भारत के 140 करोड़ नागरिकों को समर्पित करते हुए ट्वीट किया –

"यह सम्मान हमारे युवाओं की आकांक्षाओं, सांस्कृतिक विविधता और भारत-घाना ऐतिहासिक मित्रता को समर्पित है।"

घाना की राजधानी अकरा में प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति महामा के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तरीय बैठक आयोजित हुई। इस दौरान दोनों नेताओं ने आपसी संबंधों को "व्यापक साझेदारी" में बदलने पर सहमति जताई। पीएम मोदी की यह यात्रा उनके पांच देशों के अफ्रीकी दौरे की पहली कड़ी है।

 भारत और घाना के बीच हुए चार बड़े समझौते (MoUs)

बैठक के बाद भारत और घाना ने चार अहम क्षेत्रों में समझौते किए जो द्विपक्षीय सहयोग को नई दिशा देंगे:

1. सांस्कृतिक आदान-प्रदान कार्यक्रम
भारत और घाना ने संगीत, नृत्य, साहित्य और सांस्कृतिक विरासत के प्रचार-प्रसार के लिए सांस्कृतिक सहयोग कार्यक्रम पर सहमति जताई। इससे पर्यटन और जनसंपर्क को भी बढ़ावा मिलेगा।

2. पारंपरिक चिकित्सा में सहयोग
भारतीय आयुर्वेद संस्थान और घाना के ट्रेडिशनल मेडिसिन इंस्टिट्यूट के बीच पारंपरिक चिकित्सा, रिसर्च और शिक्षा में सहयोग बढ़ाने के लिए समझौता किया गया।

3. गुणवत्ता मानकों और प्रमाणन में साझेदारी
भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) और घाना स्टैंडर्ड अथॉरिटी के बीच मानकीकरण और परीक्षण विधियों को लेकर समझौता हुआ, जिससे व्यापारिक सहयोग और गुणवत्ता नियंत्रण को बल मिलेगा।

4. संयुक्त आयोग की स्थापना
दोनों देशों ने विदेश मंत्रालय स्तर पर एक स्थायी संयुक्त आयोग (Joint Commission) स्थापित करने का फैसला किया है, जो रणनीतिक साझेदारी, निवेश, कूटनीति और विकास सहयोग को दिशा देगा।

द्विपक्षीय व्यापार दोगुना करने का लक्ष्य

पीएम मोदी ने बैठक के बाद कहा कि भारत और घाना अगले पांच वर्षों में आपसी व्यापार को दोगुना करने की दिशा में काम करेंगे। उन्होंने कहा, भारत केवल विकास भागीदार नहीं, बल्कि घाना का सहयात्री है। प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति महामा दोनों ने आतंकवाद को मानवता का दुश्मन बताते हुए मिलकर इसका मुकाबला करने का संकल्प लिया। पीएम मोदी ने आतंकवाद के खिलाफ भारत की लड़ाई में घाना के समर्थन के लिए आभार भी व्यक्त किया।

दोनों देशों के नेताओं ने पश्चिम एशिया और यूरोप में चल रहे युद्ध और संघर्षों पर गंभीर चिंता जताई और समस्याओं के समाधान के लिए कूटनीतिक रास्ता अपनाने की आवश्यकता पर बल दिया। पीएम मोदी ने स्पष्ट रूप से कहा: “यह युद्ध का युग नहीं है, समाधान संवाद और कूटनीति से होना चाहिए।”

पीएम मोदी को अब तक 24 देशों ने उनके योगदान के लिए सर्वोच्च नागरिक सम्मान प्रदान किया है। हाल ही में उन्हें साइप्रस ने भी "ग्रैंड क्रॉस ऑफ द ऑर्डर ऑफ मकारियोस-III" से सम्मानित किया था। अब घाना के इस प्रतिष्ठित सम्मान के साथ, पीएम मोदी को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिला यह 25वां बड़ा नागरिक पुरस्कार बन गया है।