गुजरात में हुए भयावह विमान हादसे के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को अहमदाबाद पहुंचे। उन्होंने न केवल घटनास्थल का दौरा किया बल्कि हादसे में घायल लोगों से भी अस्पताल में मुलाकात की। इस त्रासदी में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी का भी निधन हो गया। पीएम मोदी ने उनके परिवार से मिलकर संवेदना प्रकट की और सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट भी साझा किया।
विजय रूपाणी के निधन पर पीएम मोदी ने जताया गहरा शोक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा:
"विजयभाई रूपाणी जी के परिवार से मिला। यह अकल्पनीय है कि विजयभाई हमारे बीच नहीं हैं। मैं उन्हें दशकों से जानता हूं। हमने कंधे से कंधा मिलाकर काम किया, जिसमें सबसे चुनौतीपूर्ण समय भी शामिल है।"
पीएम मोदी ने बताया कि विजय रूपाणी पार्टी के विचारधारा के प्रति समर्पित, विनम्र और मेहनती नेता थे। उन्होंने विभिन्न स्तरों पर संगठन की सेवा की और गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में राज्य को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया।
राजकोट से मुख्यमंत्री तक: विजय रूपाणी की राजनीतिक यात्रा
प्रधानमंत्री ने विजय रूपाणी की राजनीतिक यात्रा को याद करते हुए लिखा:
"राजकोट नगर निगम में, राज्यसभा सांसद के रूप में, गुजरात भाजपा अध्यक्ष और राज्य सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में उन्होंने खुद को प्रतिष्ठित किया। मुख्यमंत्री के रूप में उनके प्रयासों से गुजरात के विकास को गति मिली, खासकर जीवन की सुगमता के क्षेत्र में।"
पीएम मोदी ने यह भी कहा कि विजयभाई के साथ हुई तमाम चर्चाएं उन्हें हमेशा याद रहेंगी।

रमेश विश्वास कुमार से भी की मुलाकात
विमान हादसे में चमत्कारिक रूप से जीवित बचे रमेश विश्वास कुमार से भी पीएम मोदी ने अस्पताल में जाकर मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। रमेश हादसे में बुरी तरह घायल हुए थे लेकिन वे विमान से बाहर निकलने में सफल रहे।
प्रधानमंत्री मोदी ने अस्पताल जाकर अन्य घायल यात्रियों से भी मुलाकात की। उन्होंने इस दुखद घटना पर कहा:
"अहमदाबाद में हुए विमान हादसे ने सभी को स्तब्ध कर दिया है। इतने आकस्मिक और हृदय विदारक तरीके से इतने अधिक लोगों की मौत शब्दों से परे है। सभी शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदनाएं। हम उनका दर्द समझते हैं और यह भी जानते हैं कि उनके जाने से जो खालीपन पैदा हुआ है, वह आने वाले कई वर्षों तक महसूस किया जाएगा।"
पीएम मोदी ने संकेत दिया है कि केंद्र और राज्य सरकारें मिलकर पीड़ितों के लिए हर संभव सहायता करेंगी। उन्होंने यह भी कहा कि जांच एजेंसियां हादसे के कारणों की गहराई से पड़ताल करेंगी, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न दोहराई जाएं।