मोदी सरकार के 11 साल पूरे, बीजेपी शासित राज्यों के सीएम आज करेंगे प्रेस कांफ्रेंस

Authored By: News Corridors Desk | 10 Jun 2025, 12:37 PM
news-banner

मोदी सरकार के 11 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आज बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्री प्रेस कांफ्रेंस करेंगे। सभी मुख्यमंत्री अपने-अपने राज्यों से संवाददाताओं को संबोधित कर केंद्र सरकार की योजनाओं, उपलब्धियों और नीतियों के प्रभावों की जानकारी देंगे। यह संवाद बीजेपी के "सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण" अभियान का हिस्सा है।

योगी आदित्यनाथ लखनऊ में करेंगे प्रेस कांफ्रेंस

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज सुबह 10:45 बजे लखनऊ स्थित भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में पत्रकारों से संवाद करेंगे। वे मोदी सरकार के 11 सालों की प्रमुख उपलब्धियों को साझा करेंगे और बताएंगे कि इन नीतियों का उत्तर प्रदेश पर क्या असर पड़ा है।

अन्य सीएम भी करेंगे प्रेस कांफ्रेंस

अन्य बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भी आज मीडिया से बातचीत करेंगे। जिनमें शामिल हैं:

देवेंद्र फडणवीस (महाराष्ट्र)

नायब सिंह सैनी (हरियाणा)

भजन लाल शर्मा (राजस्थान)

रेखा गुप्ता (दिल्ली)

इन सभी नेताओं के बयान पार्टी की रणनीति और केंद्र सरकार के कामकाज को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में एक अहम कदम माने जा रहे हैं।

जेपी नड्डा ने बताई सरकार की प्राथमिकताएं

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी सोमवार को संवाददाताओं को संबोधित करते हुए मोदी सरकार की नीतियों और परिवर्तनकारी फैसलों पर बात की। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी ने न केवल सरकार चलाई, बल्कि देश की राजनीति की संस्कृति को ही बदल दिया। पहले सिर्फ घोषणाएं होती थीं, अब उनका पालन भी होता है।”

“अब भारत आतंकवाद का जवाब देता है” – नड्डा

जेपी नड्डा ने भारत की सुरक्षा नीति को लेकर कहा कि अब देश आतंकवाद को बर्दाश्त नहीं करता। उन्होंने कहा, “पहले आतंकी हमलों के बाद भारत सिर्फ निंदा करता था या अंतरराष्ट्रीय मदद मांगता था। अब भारत दुश्मनों को घर में घुसकर मारता है।” उन्होंने हालिया “ऑपरेशन सिंदूर” का जिक्र करते हुए बताया कि किस तरह से सरकार आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक कदम उठा रही है।

11 साल में क्या-क्या बदला?

बीजेपी द्वारा पेश की गई रिपोर्ट कार्ड में निम्नलिखित उपलब्धियों को प्रमुखता से शामिल किया गया है:

गरीबों के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, उज्ज्वला योजना जैसी योजनाएं

इंफ्रास्ट्रक्चर में निवेश और तेज़ गति से राजमार्ग, रेलवे और हवाईअड्डों का विकास

डिजिटल इंडिया और मेक इन इंडिया जैसे अभियानों के ज़रिए आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रगति

संवेदनशील विदेश नीति और रणनीतिक सैन्य कार्रवाई