साल 2024 में किरण राव द्वारा निर्देशित फिल्म 'लापता लेडीज' को दर्शकों और समीक्षकों से शानदार प्रतिक्रिया मिली। यह फिल्म भारत की ओर से ऑस्कर के लिए आधिकारिक एंट्री के रूप में भी चयनित हुई थी। हालांकि, अब इस फिल्म की कहानी को चोरी का बताया जा रहा है। रेडिट पर कुछ पोस्ट के जरिए यह दावा किया गया कि फिल्म की कहानी विदेशी शॉर्ट फिल्म 'बुर्का सिटी' से प्रेरित या कॉपी की गई है।
क्या है 'बुर्का सिटी' की कहानी?
साल 2019 में रिलीज हुई 'बुर्का सिटी' एक 19 मिनट की शॉर्ट फिल्म है, जिसमें मिडिल ईस्ट की पृष्ठभूमि को दर्शाया गया है। फिल्म की कहानी एक व्यक्ति और उसकी नई नवेली दुल्हन पर केंद्रित है, जो गलती से किसी दूसरी महिला से बदल जाती है। इसकी वजह यह होती है कि दोनों ने बुर्का पहना हुआ होता है। यह फिल्म एक सटायर कॉमेडी थी, जिसमें समाज की रूढ़ियों पर तंज कसा गया था।
'लापता लेडीज' की कहानी भी कुछ ऐसी ही है, जहां दो दुल्हनें घूंघट में होने के कारण आपस में बदल जाती हैं। इसी समानता के कारण फिल्म पर चोरी के आरोप लगने लगे हैं। हालांकि, फिल्म में महिलाओं से जुड़े कई मुद्दों को भी उठाया गया है, जो इसे अलग बनाते हैं।
पहले भी लगे हैं चोरी के आरोप
यह पहली बार नहीं है जब 'लापता लेडीज' पर कहानी चुराने का आरोप लगा हो। जब यह फिल्म रिलीज हो रही थी, तब भी निर्देशक अनंत महादेवन ने इस पर सवाल उठाए थे। उन्होंने दावा किया था कि उनकी 1999 में आई फिल्म 'घूंघट के पट खोल' की कहानी भी दो दुल्हनों के बदल जाने और अपने अस्तित्व को खोजने की थी। तब भी किरण राव और आमिर खान ने इस विवाद पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी थी।
सोशल मीडिया पर गुस्सा
एक बार फिर जब 'बुर्का सिटी' फिल्म से कहानी चुराने के आरोप सामने आए हैं, तो सोशल मीडिया यूजर्स गुस्से में हैं। कई लोगों का कहना है कि किसी से प्रेरित होना गलत नहीं है, लेकिन असली आइडिया के लिए क्रेडिट देना जरूरी है। यूजर्स ने इस तरह कहानी और सीन्स को बिना क्रेडिट दिए इस्तेमाल करने को निराशाजनक बताया है।