अयोध्या में सज गई राजा राम की सभा, आरती करते नजर आए CM योगी

Authored By: News Corridors Desk | 05 Jun 2025, 01:21 PM
news-banner

अयोध्या में गंगा दशहरा के पावन अवसर पर राम मंदिर के प्रथम तल पर राम दरबार की प्राण प्रतिष्ठा संपन्न हुई। इस अवसर पर सात अन्य मंदिरों में भी भगवान की मूर्तियों की प्रतिष्ठा की गई। समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति और प्रथम आरती ने कार्यक्रम को विशेष धार्मिक गरिमा प्रदान की।

गंगा दशहरा पर अभिजीत मुहूर्त में हुई प्राण प्रतिष्ठा


गुरुवार को गंगा दशहरा के दिन, प्रातः 11:30 से 12:00 बजे के बीच शुभ अभिजीत मुहूर्त में राम दरबार सहित सात मंदिरों की मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा की गई। भगवान रामेश्वरम की स्थापना के साथ ही धार्मिक अनुष्ठानों की श्रृंखला पूर्ण हुई। यह आयोजन तीन दिवसीय अनुष्ठान का हिस्सा था, जिसका समापन इसी अवसर पर हुआ।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने की प्रथम आरती


प्राण प्रतिष्ठा के उपरांत, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विभिन्न संतों के साथ भगवान के स्वरूप की प्रथम आरती की। इसके बाद उन्होंने राम दरबार में पूजा-अर्चना की और अन्य सात मंदिरों में भी दर्शन व पूजा संपन्न की।

राम मंदिर के इस भव्य आयोजन में करीब एक हजार विशिष्ट अतिथियों को आमंत्रित किया गया था। इनमें संत-महंत, श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य, विभिन्न हिंदू संगठनों के पदाधिकारी और अनेक प्रतिष्ठित नागरिक शामिल थे। विशेष भोज और ठहरने की व्यवस्था के लिए तीन अलग-अलग पंडाल बनाए गए थे।

रामनगरी का व्यापक दौरा करेंगे मुख्यमंत्री

राम मंदिर परिसर की पूजा-अर्चना के पश्चात मुख्यमंत्री योगी अयोध्या के अन्य प्रमुख स्थलों का दौरा कर रहे हैं। जिसमें राम मंदिर परिसर के बाद सीएम योगी हनुमानगढ़ी मंदिर में दर्शन कर पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद वो राम कथा पार्क पहुंचेंगे, जहां वो अयोध्या नगर निगम के दो साल पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित समारोह में शामिल होंगे।

इस कार्यक्रम में नगर निगम की उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा और सफाई मित्रों को सम्मानित भी किया जाएगा। इसके बाद मुख्यमंत्री सरयू नदी के तट पर पहुंचेंगे, जहां वह सरयू महोत्सव का उद्घाटन करेंगे और सरयू पूजन में हिस्सा लेंगे। वहां से वह मणिराम दास छावनी जाएंगे, जहां वह श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास के जन्मोत्सव समारोह में शामिल होंगे।