महात्मा गांधी की विरासत पर सीधा हमला: ब्रिटेन की राजधानी लंदन में, महात्मा गांधी की प्रतिमा के साथ तोड़फोड़

Authored By: News Corridors Desk | 01 Oct 2025, 01:23 PM
news-banner

ब्रिटेन की राजधानी लंदन में सोमवार को महात्मा गांधी की प्रतिमा के साथ तोड़फोड़ की घटना सामने आई है। यह शर्मनाक हरकत गांधी जयंती से  कुछ दिन पहले, टैविस्टॉक स्क्वायर में स्थित प्रतिमा के पास हुई। जिससे भारतीय समुदाय में काफी गुस्सा है। कुछ अनजान लोगों ने ना सिर्फ प्रतिमा को नुकसान पहुंचाया, बल्कि उसके चबूतरे पर आपत्तिजनक बातें भी लिख दीं। भारतीय उच्चायोग ने इस मामले को गंभीर मानते हुए इसकी जानकारी स्थानीय सुरक्षा एजेंसियों को दी है। इस समय लंदन पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोषियों को पकड़ने की कोशिश की जा रही है। 

गांधी प्रतिमा पर हमला, भारतीय उच्चायोग की कड़ी प्रतिक्रिया

भारतीय उच्चायोग ने इस हरकत को "महात्मा गांधी की विरासत पर सीधा हमला" करार दिया। उच्चायोग ने अपने बयान में कहा कि यह केवल एक प्रतिमा को नुकसान पहुंचाने की घटना नहीं है, बल्कि यह अहिंसा, शांति और सहिष्णुता जैसे मूल्यों पर भी आघात है, जिनका प्रतिनिधित्व बापू करते थे। उन्होंने बताया कि इस मुद्दे को तुरंत स्थानीय अधिकारियों के समक्ष उठाया गया है और प्रतिमा की गरिमा को फिर से बहाल करने के लिए प्रयास तेज़ी से चल रहे हैं।

विश्व अहिंसा दिवस पर शर्मनाक वार

यह बात खास तौर पर चौकाने वाली इसीलिए साबित हुई, क्योकि यहाँ 2 अक्टूबर, यानि महात्मा गांधी की जयंती के दिन को, संयुक्त राष्ट्र (UN) ने विश्व अहिंसा दिवस के रूप में मान्यता दी है। यह दिन पूरी दुनिया में शांति, सहनशीलता और अहिंसा के सिद्धांतों को आगे बढ़ाने के लिए मनाया जाता है, जो गांधीजी की शिक्षाओं की नींव हैं। 

ऐसे खास मौके से ठीक पहले गांधी की प्रतिमा के साथ हुई इस तोड़फोड़ से न केवल भारत बल्कि उन सभी लोगों की भावनाएं ठेस पहुंची हैं, जो अहिंसा और मानवता में यकीन रखते हैं। इसलिए यह घटना सिर्फ एक स्थानीय मामला नहीं है, बल्कि यह दुनिया के नैतिक मूल्यों पर भी बड़ा असर डालती है।