पूर्व सीएम विजय रुपाणी का DNA हुआ मैच, विमान हादसे में हो गई थी मौत

Authored By: News Corridors Desk | 15 Jun 2025, 03:32 PM
news-banner
अहमदाबाद में हुए भीषण विमान हादसे में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रुपाणी की मृत्यु की पुष्टि हो चुकी है। इस दुखद घटना में अब उनका DNA टेस्ट पॉजिटिव पाया गया है, जिससे उनकी पहचान की गई है। राज्य सरकार ने इसकी आधिकारिक जानकारी दी है।
 
गृहमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री ने की पुष्टि
 
गुजरात के गृह राज्य मंत्री हर्ष संघवी ने गांधीनगर में मीडिया से बातचीत के दौरान बताया कि विजय रुपाणी के DNA की पुष्टि हो गई है। वहीं, गुजरात के स्वास्थ्य मंत्री ऋषिकेश पटेल ने अस्पताल में मीडिया को बताया कि उनके परिवार को इस बारे में सूचित किया जा चुका है। परिवार के सदस्य थोड़ी देर में अस्पताल पहुंचेंगे, जिसके बाद अंतिम संस्कार की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा।
 
पार्थिव शरीर लाया जाएगा राजकोट
 
DNA मैच होने के बाद अब विजय रुपाणी का पार्थिव शरीर अहमदाबाद के अस्पताल से उनके गृह नगर राजकोट ले जाया जाएगा। बीजेपी प्रवक्ता राजूभाई ध्रुव ने जानकारी दी है कि पूर्व मुख्यमंत्री के पार्थिव शरीर को राजकोट में ग्रीनलैंड चौराहे से उनके निवास स्थान प्रकाश सोसायटी तक ले जाया जाएगा, जहां अंतिम दर्शन और संस्कार की व्यवस्था की जाएगी।
 
 
यह हादसा 12 जून, 2025 को हुआ था, जब एयर इंडिया की उड़ान AI-171 गुजरात से लंदन जा रही थी। इस विमान में कुल 242 लोग सवार थे, जिनमें 230 यात्री और 12 चालक दल के सदस्य शामिल थे। अब तक इस हादसे में 274 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, लेकिन शवों की हालत इतनी खराब थी कि अब तक केवल 31 शवों की पहचान हो सकी है और 19 शव ही परिजनों को सौंपे गए हैं।
 
शवों की पहचान के लिए DNA टेस्ट
 
इस भयावह दुर्घटना में सिर्फ एक यात्री, विश्वासकुमार रमेश, जीवित बच पाए। वे ब्रिटिश नागरिक हैं और विमान में इमरजेंसी एग्जिट के पास सीट 11A पर बैठे थे। समय पर हुई प्रतिक्रिया और उनकी स्थिति ने उन्हें बचा लिया। घटनास्थल की भयावहता के चलते अधिकांश शवों की पहचान मुश्किल हो गई है। इसी वजह से डीएनए सैंपलिंग की मदद ली जा रही है। सभी मृतकों के शवों को परिजनों को सौंपने से पहले डीएनए मिलान जरूरी कर दिया गया है, जिससे किसी तरह की गलत पहचान से बचा जा सके।