भोजपुरी सिनेमा की जानी-मानी अभिनेत्री और गायिका अक्षरा सिंह एक बार फिर सुर्खियों में हैं। फिल्मों और गानों के अलावा, वह अपने बेबाक अंदाज और विवादों के चलते भी अक्सर चर्चा में रहती हैं। हाल ही में बिहार के आरा जिले में एक सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान कुछ दर्शकों ने उनके साथ बदसलूकी करने की कोशिश की, जिस पर अभिनेत्री ने मंच से ही कड़ा जवाब दिया। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
क्यों भड़कीं अक्षरा सिंह?
यह घटना आरा जिले के बखोरापुर गांव में आयोजित एक सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान हुई। यह कार्यक्रम हिंदू नव वर्ष के अवसर पर आयोजित किया गया था। जब अक्षरा सिंह स्टेज पर पहुंचीं और अपनी परफॉर्मेंस शुरू की, तो दर्शक दीर्घा में बैठे कुछ शरारती तत्वों ने अभद्रता शुरू कर दी। उन्होंने अभिनेत्री के प्रति अश्लील इशारे किए और भद्दी टिप्पणियां भी कीं। यह सब देखकर अक्षरा सिंह का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने मंच से ही इन लोगों की क्लास लगा दी।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि अक्षरा सिंह गुस्से में उन लोगों को फटकार रही हैं। उन्होंने कहा,
"हम शेरनी हैं, ऐसे ही नहीं गड़गड़ा रहे हैं। अगर इतना बल रखते हो तो सामने आकर बोलो, कलेजा लेकर आई हूं मैं.. पीछे से तो कुत्ते भौंक के निकल जाते हैं, सामने आकर बोलो तब समझें। हल्के में मत लेना अक्षरा सिंह को... खैर, तुम लोगों की गिनती हम कुत्ते में ही करते हैं।"
अक्षरा का यह बयान दर्शक दीर्घा में बैठे उन कुछ लोगों के लिए था जो लगातार बदसलूकी कर रहे थे।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
इस कार्यक्रम का आयोजन बिजनेसमैन अजय सिंह द्वारा किया गया था। इस इवेंट में अक्षरा सिंह के अलावा कई अन्य भोजपुरी कलाकार भी शामिल हुए थे। हालांकि, जैसे ही अक्षरा सिंह स्टेज पर आईं, कुछ लोगों ने हूटिंग शुरू कर दी और अनुशासनहीनता का प्रदर्शन किया। यह देखकर अक्षरा सिंह ने चुप रहने के बजाय खुलकर जवाब देना उचित समझा।
इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो में अभिनेत्री को गुस्से में उन लोगों की क्लास लगाते हुए देखा जा सकता है। कई लोग अक्षरा सिंह के इस रुख की तारीफ कर रहे हैं, जबकि कुछ इसे विवादास्पद भी बता रहे हैं।
अक्षरा सिंह का यह बेबाक अंदाज एक बार फिर चर्चा में आ गया है। उन्होंने स्पष्ट रूप से संदेश दिया है कि महिलाओं के प्रति अभद्रता और बदसलूकी को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उनका यह कदम महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक सशक्त संदेश भी है।