AAP नेता दुर्गेश पाठक के घर पर CBI की रेड, जानें किस मामले में हुआ एक्शन

Authored By: News Corridors Desk | 17 Apr 2025, 10:57 AM
news-banner
आम आदमी पार्टी (AAP) के वरिष्ठ नेता और गुजरात के सह प्रभारी दुर्गेश पाठक के आवास पर गुरुवार को केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की छापेमारी ने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है। सीबीआई ने पाठक के खिलाफ विदेशी मुद्रा विनियमन अधिनियम (FCRA) उल्लंघन के मामले में केस दर्ज किया है और उसी सिलसिले में उनके आवास पर तलाशी अभियान चलाया गया।

सीबीआई की इस कार्रवाई को लेकर आम आदमी पार्टी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पार्टी का कहना है कि केंद्र सरकार जानबूझकर AAP नेताओं को निशाना बना रही है, खासकर उन नेताओं को जो गुजरात में भाजपा के लिए चुनौती बनते जा रहे हैं।

संजय सिंह का सीधा हमला: "गंदा खेल फिर शुरू"

आप सांसद संजय सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा,

"भाजपा और मोदी सरकार का गंदा खेल एक बार फिर शुरू हो गया है। पहले अरविंद केजरीवाल को जेल में डाला, फिर पंजाब और दिल्ली में छापेमारी करवाई। अब गुजरात में पार्टी को मज़बूत कर रहे दुर्गेश पाठक को टारगेट किया जा रहा है।"

संजय सिंह ने कहा कि यह छापेमारी मोदी सरकार की घबराहट को दर्शाती है क्योंकि गुजरात में AAP को तेजी से समर्थन मिल रहा है।

संजय सिंह ने दो टूक कहा कि पार्टी अपने नेता दुर्गेश पाठक और उनके परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है।
उन्होंने कहा,

"आप हमें जितना डराओगे, हम उतना ही मज़बूती से सामने खड़े होंगे। गुजरात के लोग बदलाव चाहते हैं और AAP उनकी उम्मीद बन चुकी है।"

"गुजरात में चुनौती से डरे मोदी": आतिशी का बयान

पूर्व मंत्री आतिशी ने भी इस मुद्दे पर भाजपा को घेरा। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा,

"गुजरात में केवल आम आदमी पार्टी ही भाजपा को चुनौती दे सकती है और यह छापेमारी उसी हताशा का परिणाम है। हम भाजपा की धमकियों से डरने वाले नहीं हैं।"

उन्होंने यह भी याद दिलाया कि पिछले साल आबकारी नीति मामले में भी पाठक का नाम सीबीआई की चार्जशीट में डाला गया था।

कांग्रेस पर भी साधा निशाना

संजय सिंह ने प्रेस कांफ्रेंस में कांग्रेस पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और कांग्रेस के बीच "नूराकुश्ती" चल रही है।

"रॉबर्ट वाड्रा से घंटों पूछताछ होती है और फिर छोड़ दिया जाता है, लेकिन हमारे नेताओं को 20-20 घंटे तक बैठाकर रखा जाता है। क्या कभी राहुल गांधी या सोनिया गांधी के घर सीबीआई की रेड हुई है?"