तमिलनाडु भाजपा में बड़ा बदलाव, नयनार नागेंद्रन बने नए प्रदेश अध्यक्ष

Authored By: News Corridors Desk | 13 Apr 2025, 10:51 AM
news-banner
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने तमिलनाडु इकाई में नेतृत्व परिवर्तन करते हुए नयनार नागेंद्रन को नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। यह फैसला आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर राज्य में पार्टी की रणनीति को मज़बूती देने के उद्देश्य से लिया गया है।

नयनार नागेंद्रन ने ली अन्नामलाई की जगह

शनिवार को चेन्नई में आयोजित एक महत्वपूर्ण पार्टी बैठक के बाद औपचारिक रूप से नयनार नागेंद्रन के नाम की घोषणा की गई। इससे एक दिन पहले ही शुक्रवार को भाजपा नेता और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष के. अन्नामलाई ने उनके नाम का प्रस्ताव रखा था, जिसे सर्वसम्मति से मंजूरी मिल गई थी।

नयनार नागेंद्रन ने शुक्रवार को अध्यक्ष पद के लिए पर्चा दाखिल किया था। उनके खिलाफ किसी भी अन्य उम्मीदवार ने नामांकन दाखिल नहीं किया, जिससे यह स्पष्ट हो गया था कि वे निर्विरोध प्रदेश अध्यक्ष चुने जाएंगे। शनिवार को पार्टी पदाधिकारियों की बैठक के बाद इस निर्णय पर औपचारिक मुहर लगाई गई।

कौन हैं नयनार नागेंद्रन?

नयनार नागेंद्रन तमिलनाडु की तिरुनेलवेली विधानसभा सीट से भाजपा विधायक हैं। इससे पहले वे पार्टी की प्रदेश इकाई में उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी निभा चुके हैं। इसके अलावा वे पूर्व में तमिलनाडु सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं। भाजपा के भीतर उन्हें एक अनुभवी और जमीनी नेता के तौर पर जाना जाता है।

AIADMK-BJP गठबंधन से चुनावी तैयारी

तमिलनाडु में भाजपा और अन्नाद्रमुक (AIADMK) ने आगामी विधानसभा चुनावों में एक साथ चुनाव लड़ने की घोषणा की है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को इस गठबंधन की औपचारिक जानकारी देते हुए कहा कि राज्य में NDA फिर से सरकार बनाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस बार चुनाव में NDA, AIADMK नेता ई. पलानीसामी के नेतृत्व में उतरेगी।

नए प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति और AIADMK के साथ गठबंधन की घोषणा से यह साफ हो गया है कि भाजपा तमिलनाडु में अपनी राजनीतिक स्थिति को मजबूत करने के लिए आक्रामक रणनीति अपना रही है। नयनार नागेंद्रन जैसे अनुभवी नेता की ताजपोशी से पार्टी को स्थानीय स्तर पर समर्थन बढ़ाने में मदद मिल सकती है।