बंगाल और तमिलनाडु के नतीजों ने एक अहम संदेश दिया है जनता अब परिवारवाद और भ्रष्टाचार से भरी राजनीति से थक चुकी है। बीजेपी की जीत भले ही चौंकाने वाली लगे, लेकिन अगर ज़मीनी हालात को समझा जाए तो यह पूरी तरह अप्रत्याशित नहीं थी। पार्टी नेतृत्व को पहले से अंदाज़ा था कि लोगों की प्राथमिकताएं बदल चुकी हैं—अब विकास, युवाओं के लिए रोजगार और महिलाओं को सशक्त बनाना सबसे बड़े मुद्दे हैं।
ममता बनर्जी और एम.के. स्टालिन जैसे नेता केंद्र सरकार से लगातार टकराव की राजनीति में उलझे रहे, लेकिन वे जनता की वास्तविक अपेक्षाओं को समझने में पीछे रह गए। इन चुनावी नतीजों ने यह भी स्पष्ट कर दिया है कि प्रधानमंत्री मोदी का राजनीतिक प्रभाव अभी भी बेहद मजबूत है। लगातार तीन लोकसभा चुनावों में मिली सफलता ने यह संकेत दिया है कि बीजेपी के लिए एंटी-इनकंबेंसी अब पहले जैसी चुनौती नहीं रही।
यह जीत केवल एक राजनीतिक दल की सफलता नहीं, बल्कि उस नेतृत्व पर जनता के भरोसे का प्रतीक है, जो हर वर्ग के विकास की बात करता है। 2014 में जो विश्वास देशभर में देखने को मिला था, उसी तरह की भावना अब बंगाल में भी दिखाई दी। ममता बनर्जी ने 2011 में वामपंथी शासन को खत्म किया था, लेकिन बाद के वर्षों में उनकी सरकार पर हिंसा के आरोप लगते रहे। जनता बदलाव चाहती थी, लेकिन उसे अपेक्षित सुधार नहीं मिला यही कारण उनकी हार का आधार बना।
अगर इसे सरल भाषा में कहें तो जनता ने एक बार फिर प्रधानमंत्री मोदी पर अपना भरोसा जताया है, और यह आने वाले समय में उनकी नीतियों को और मजबूती देगा। 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को लेकर यह जनसमर्थन महत्वपूर्ण माना जा सकता है।
इन नतीजों से यह भी स्पष्ट होता है कि जनता का विश्वास बनाए रखना आसान नहीं होता। बंगाल में राजनीतिक हिंसा और अवैध घुसपैठ जैसे मुद्दे चर्चा में रहे, वहीं तमिलनाडु में स्टालिन सरकार लगातार केंद्र के फैसलों का विरोध करती रही चाहे वह भाषा का मुद्दा हो या केंद्रीय एजेंसियों का। शायद वे यह समझ नहीं पाए कि जनता का समर्थन बनाए रखने के लिए सिर्फ विरोध नहीं, बल्कि विश्वास जीतना भी जरूरी होता है।
बंगाल में जहां बीजेपी एक मजबूत विकल्प बनकर उभरी, वहीं तमिलनाडु में राजनीति ने नया मोड़ लिया। यहां पारंपरिक दलों के बीच मुकाबले की जगह अभिनेता विजय की पार्टी टीवीके ने बड़ी ताकत के रूप में उभरकर सबको चौंका दिया। मतदाताओं ने उसे सबसे बड़ी पार्टी बनाकर यह संकेत दिया कि वे बदलाव चाहते हैं। एआईएडीएमके दूसरे स्थान पर रही, जबकि डीएमके सत्ता से बाहर होती दिखी।
दिलचस्प बात यह है कि जहां पहले रजनीकांत और कमल हासन जैसे बड़े नाम राजनीतिक सफलता हासिल नहीं कर पाए, वहीं विजय ने यह कर दिखाया। कुछ विश्लेषकों का मानना है कि टीवीके को अलग चुनाव लड़ने देना भी बीजेपी की रणनीति का हिस्सा हो सकता है।