West Bengal: फलता का मतदान रद्द, फिर पड़ेंगे वोट

Date: 2026-05-03
news-banner

दिल्ली। चुनावी गड़बड़ियों की शिकायतों और उनकी जाँच के बाद भारत निर्वाचन आयोग ने पश्चिम बंगाल की 144-फलता विधानसभा क्षेत्र में सभी 285 मतदान केंद्रों फिर से वोटिंग कराने का  निर्देश दिया है। जिन मतदान केंद्रों पर पुन: मतदान कराया जाएगा उनमें ऑक्ज़ीलियरी मतदान केंद्र भी शामिल हैं।

फलता में 29 अप्रैल को दूसरे चरण के दौरान वोट डाले गए थे। इस क्षेत्र के कुछ मतदान केंद्रों पर शनिवार को पुनर्मतदान भी कराया गया था। लेकिन चुनाव आयोग को इस क्षेत्र में चुनावी गड़बड़ियों की शिकायतें मिली थीं जिनमें ईवीएम पर टेप चिपकाये जाने की शिकायत भी शामिल थी।

निर्वाचन आयोग ने कहा है कि फलदा में  पुन: मतदान  21 मई 2026 को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे के बीच नए सिरे से होगा। इसकी मतगणना 24 मई  को कराई जाएगी। आपको बता दें कि राज्य में दो चरणों में कराए गये विधानसभा चुनाव की मतगणना 4 मई को होनी है।

डायमंड हार्बर जिले की फलता विधानसभा सीट चुनाव के दौरान उस वक्त चर्चा में आ गई थी जब चुनाव आयोग के पुलिस पर्यवेक्षक अजय पाल शर्मा ने इस क्षेत्र से तृममूल काँग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ रहे जहांगीर खान को खुली चेतावनी दी थी कि वह अगर चुनाव प्रक्रिया में कोई बाधा उत्पन्न करने का प्रयास करेंगे तो कड़ाई से निबटा जाएगा। शर्मा की चेतावनी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।

फलता के बारे में अपने निर्देश में ECI ने कहा कि ये निर्देश "पश्चिम बंगाल के 144-फाल्टा विधानसभा क्षेत्र में 29 अप्रैल 2026 को बड़ी संख्या में मतदान केंद्रों पर मतदान के दौरान हुई गंभीर चुनावी गड़बड़ियों और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के उल्लंघन के मद्देनजर" जारी किए  गए हैं।

Leave Your Comments