SpiceJet के खिलाफ दिल्ली एयरपोर्ट पर यात्रियों ने क्यों लगाए चोर-चोर के नारे?

SpiceJet के खिलाफ दिल्ली एयरपोर्ट पर यात्रियों ने क्यों लगाए चोर-चोर के नारे?

नई दिल्ली में दिल्ली एयरपोर्ट पर सोमवार को स्पाइसजेट की दुबई जाने वाली दो उड़ानों में 24 घंटे से ज्यादा की देरी के बाद यात्रियों का गुस्सा सामने आया। लंबे इंतजार से परेशान यात्रियों ने एयरपोर्ट पर धरना-प्रदर्शन किया और ‘स्पाइसजेट चोर है’ तथा ‘स्पाइसजेट हाय हाय’ के नारे लगाए।

स्पाइसजेट के प्रवक्ता के मुताबिक, SG 5111 और SG 5105 की उड़ानों में संचालन में देरी के कारण परेशानी हुई। एक विमान को ग्राउंड किए जाने के बाद ऑपरेशनल कारणों से दोनों फ्लाइट्स प्रभावित हुईं। प्रवक्ता ने बताया कि यात्रियों के लिए दूसरे विमानों की व्यवस्था की गई।

24 घंटे से ज्यादा की देरी से एयरपोर्ट पर फंसे यात्री

SG 5111 को सोमवार सुबह 7.45 बजे उड़ान भरनी थी, लेकिन इसे मंगलवार सुबह 9 बजे के लिए री-शेड्यूल कर दिया गया। वहीं SG 5105 को मंगलवार शाम 6.45 बजे के लिए री-शेड्यूल किया गया।

इंडिया टुडे ने सूत्रों के हवाले से बताया कि उड़ानों के समय में बदलाव के चलते दोनों फ्लाइट्स के यात्री सोमवार को एयरपोर्ट पर फंस गए और उन्होंने धरना शुरू कर दिया। मंगलवार को भी यात्रियों को अपनी फ्लाइट को लेकर कोई सूचना नहीं मिली।

यात्रियों की परेशानी के बीच काफी देर तक स्पाइसजेट का कोई कर्मचारी उनकी समस्याएं सुनने या समाधान करने के लिए मौजूद नहीं था। बाद में एयरपोर्ट कर्मचारियों ने स्थिति संभाली। यात्रियों को खाना-पानी दिया गया और आराम करने के लिए जगह की व्यवस्था की गई।

स्पाइसजेट कर्मचारियों की गैर-मौजूदगी पर यात्रियों का सवाल

एयरपोर्ट के वीडियो में नाराज यात्री धरने पर बैठे दिखाई दिए। वे अपने ठहरने की व्यवस्था की मांग कर रहे थे और स्पाइसजेट कर्मचारियों के मौजूद न होने पर सवाल उठा रहे थे।

एक यात्री ने कहा कि स्पाइसजेट के कर्मचारी उनसे बात करने के लिए सामने नहीं आ रहे हैं। वहीं एक अन्य वीडियो में एयरपोर्ट के एक अधिकारी और यात्री के बीच बहस होती दिखाई दी। यात्री इस पूरी स्थिति को कैमरे में रिकॉर्ड कर रहा था। बहस के दौरान अधिकारी के आपा खोने से यात्रियों की नाराजगी और बढ़ गई।

अधिकारी ने कहा- बाहर चले जाइए या रिफंड ले लीजिए

वीडियो में अधिकारी को यह कहते हुए सुना गया, “आप बाहर चले जाइए या रिफंड ले लीजिए। कोई भी फ्लाइट से नहीं जाएगा। कृपया यहां वीडियो रिकॉर्ड न करें। इसकी इजाजत नहीं है। आपको ऐसा करने का अधिकार नहीं है।”

अधिकारी के इस बर्ताव पर यात्री ने सवाल उठाया। उसने कहा, “मैं आपकी बात सुन रहा था, लेकिन आप मुझ पर चिल्ला रहे हैं। यह बिल्कुल भी प्रोफेशनल्स रवैया नहीं है। हमारे सवालों का जवाब देने के लिए स्पाइसजेट का कोई कर्मचारी मौजूद नहीं है। हमने अपनी फ्लाइट्स के लिए बहुत पैसे खर्च किए हैं।”