अंडर-19 एशिया कप के लिए भारतीय टीम घोषित, लक्ष्य कप्तान

अंडर-19 एशिया कप के लिए भारतीय टीम घोषित, लक्ष्य कप्तान
  • यशवर्धन सिंह चौहान को बनाया गया टीम का उपकप्तान
  • छह नवंबर को नेपाल के खिलाफ अभियान शुरू करेगी टीम
  • आठ नवंबर को पाकिस्तान से होगा भारत का मुकाबला
  • 14 नवंबर को खेला जाएगा टूर्नामेंट का फाइनल

India U19 Squad: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने एसीसी मेंस अंडर-19 एशिया कप के लिए भारतीय टीम की घोषणा कर दी है। जूनियर क्रिकेट समिति ने आगामी टूर्नामेंट के लिए 15 सदस्यीय टीम का चयन किया है। लक्ष्य रायचंदानी को टीम का कप्तान बनाया गया है, जबकि यशवर्धन सिंह चौहान उपकप्तान की जिम्मेदारी संभालेंगे। यह टूर्नामेंट 5 से 14 नवंबर तक ओमान की राजधानी मस्कट में खेला जाएगा।

बीसीसीआई की ओर से 30 अक्टूबर को जारी मीडिया एडवाइजरी के मुताबिक, भारतीय टीम को ग्रुप-ए में रखा गया है। इस ग्रुप में भारत के अलावा संयुक्त अरब अमीरात (UAE), नेपाल और पाकिस्तान की टीमें शामिल हैं। वहीं ग्रुप-बी में बांग्लादेश, श्रीलंका, अफगानिस्तान और मलेशिया को जगह मिली है।

ऐसी है भारतीय अंडर-19 टीम

टूर्नामेंट के लिए घोषित भारतीय टीम में लक्ष्य रायचंदानी (कप्तान), आर्यवीर सहवाग, वीके विनीत, यशवर्धन सिंह चौहान (उपकप्तान), कुशाग्र ओझा, अर्जुन राजपूत, मनाल चौहान, अन्वय द्रविड़ (विकेटकीपर), रजत बघेल (विकेटकीपर), वी. यशवीर, आर्यन सावसानी, मोहित उल्वा, काव्या पटेल, शाविन विनोद और ईशान सूद शामिल हैं।

छह नवंबर को नेपाल से पहला मुकाबला

भारतीय टीम एशिया कप में अपने अभियान की शुरुआत छह नवंबर को नेपाल के खिलाफ करेगी। यह मुकाबला मस्कट के ओसीसी टर्फ-1 मैदान पर खेला जाएगा। इसके बाद आठ नवंबर को इसी मैदान पर भारत और पाकिस्तान की टीमें आमने-सामने होंगी। भारतीय टीम का तीसरा ग्रुप मुकाबला 10 नवंबर को संयुक्त अरब अमीरात के खिलाफ होगा। यह मैच ओसीसी टर्फ-2 मैदान पर खेला जाएगा।

12 नवंबर को सेमीफाइनल, 14 को फाइनल

टूर्नामेंट के दोनों ग्रुप से शीर्ष दो-दो टीमें सेमीफाइनल में जगह बनाएंगी। सेमीफाइनल मुकाबले 12 नवंबर को खेले जाएंगे, जबकि फाइनल 14 नवंबर यानी शनिवार को आयोजित होगा। भारतीय टीम की नजरें ग्रुप चरण में बेहतर प्रदर्शन कर सेमीफाइनल में जगह बनाने और खिताब जीतने पर होंगी।