चिराग की नौवीं पास एक्ट्रेस कैंडिडेट चुनाव से पहले हुई फेल !

Authored By: News Corridors Desk | 19 Oct 2025, 01:50 PM
news-banner

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के तहत सारण जिले की मढ़ौरा विधानसभा सीट से लोजपा (रामविलास) की सीमा सिंह समेत चार उम्मीदवारों के नामांकन पत्र रद्द कर दिए गए हैं। कुल 13 नामांकन में से चार नामांकन तकनीकी खामियों और कागजातों की कमी के कारण चुनाव अधिकारियों ने रद्द किए। 

रद्द उम्मीदवारों में लोजपा की सीमा सिंह, बसपा के आदित्य कुमार, जदयू के बागी पूर्व जिलाध्यक्ष अल्ताफ आलम राजू और निर्दलीय विशाल कुमार शामिल हैं। इससे क्षेत्र में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है, खासकर एनडीए को बड़ा झटका लगा है क्योंकि सीमा सिंह को सशक्त उम्मीदवार माना जा रहा था।

सीमा सिंह के नामांकन रद्द होने से समर्थकों को झटका

सीमा सिंह को मढ़ौरा का मजबूत उम्मीदवार माना जा रहा था, लेकिन उनका नामांकन रद्द हो गया। इससे उनकी पार्टी और समर्थकों में निराशा है। वहीं, राजद के जितेंद्र कुमार अब इस सीट पर मुख्य मुकाबला करेंगे। जदयू के बागी अल्ताफ आलम का नामांकन भी रद्द होने से उनकी उम्मीदें कमजोर हो गई हैं।

सीमा सिंह का कहना - राजनीति की साजिश

सीमा सिंह, जो भोजपुरी फिल्मों की जानी-मानी अभिनेत्री हैं, कहती हैं कि उनका नामांकन राजनीतिक साजिश के कारण रद्द करवाया गया है। चुनाव अधिकारियों ने बताया कि सभी नामांकन कागजातों की जांच के बाद नियम के अनुसार रद्द किए गए हैं। अब मढ़ौरा की लड़ाई मुख्य रूप से राजद और अन्य प्रत्याशियों के बीच होगी।