उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि उनकी सरकार ने जीरो टॉलरेंस के तहत माफिया को मिट्टी में मिला दिया। अब गरीब का बेटा रामलीला का आयोजन करता है तो कोई असलहा लहराकर दंगा करने का दुस्साहस नहीं कर सकता, क्योंकि उसे मालूम है कि ऐसा करने वालों को मिट्टी में ही दफन होना पड़ेगा।
समाजवादी पार्टी को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि समाज को बांटने वाले लोग विदेशी आक्रांता सालार मसूद गाजी को सम्मानित करते हैं। वे असलहा लहराने वाले दुर्दांत माफिया के सामने नाक रगड़ते थे और माफिया की कब्र पर जाकर फातिहा पढ़ते थे।
मुख्यमंत्री गुरुवार को गाजीपुर में 692 करोड़ रुपये की 268 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करने के उपरांत जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। इन परियोजनाओं का लाभ गाजीपुर, जखनिया, मोहम्मदाबाद, सैदपुर, जमानिया, जहूराबाद व जंगीपुर विधानसभा क्षेत्र के लोगों को मिलेगा। सीएम ने लोकार्पण व शिलान्यास वाली योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी दी।
इस मौके पर सीएम ने गाजीपुरवासियों से अपील की कि ऐसे जनप्रतिनिधि चुनिए, जो आपकी पैरोकारी कर सकें। ऐसे सांसद नहीं चाहिए, जो अवैध असलहा लाइसेंस बनाने में व्यस्त हों। ऐसे जनप्रतिनिधि नहीं चाहिए जो फर्जी लाइसेंस बनाकर जनता के घरों में डकैती व अवैध कब्जा करने का दुस्साहस करें।
पाँच प्रमुख बातें
|
|
गाजीपुर में किया 692 करोड़ की 268 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास
कहा- दंगा करने वाले को मिट्टी में ही दफन होना पड़ेगा
अवैध असलहा लाइसेंस बनाने में व्यस्त सांसद नहीं, बल्कि पैरोकारी करने वाले जनप्रतिनिधि चाहिए
समाज को बांटने वाले लोग करते हैं आक्रांता सालार मसूद गाजी को सम्मानित
माफिया को संरक्षण देने वालों की दुर्गति तय, जिसे देख घबराती है बिटिया, ऐसे सपाइयों से बचकर रहें
|