संसद में लोक परीक्षा संशोधन विधेयक पास होने के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार की रात एक नया वीडियो संदेश जारी किया।
इस वीडियो में प्रधानमंत्री ने वादा किया कि परीक्षाओं की व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए आगे भी क़दम उठाये जाएंगे। दोनों सदनों ने कठोर प्रावधानों वाले बिल के पास होने का उल्लेख करते हुए पीएम ने कहा, “काम आगे भी चलता रहेगा, हम ऐसी परिस्थितियों को लंबे समय तक नहीं चलने देंगे।“
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर इसे जारी करते हुए उन्होंने कहा, “विश्वस्त परीक्षा पद्धति इसके लिए हम लगातार एक के बाद एक क़दम उठा रहे हैं। टास्क फोर्स की रचना हो, फास्ट ट्रैक की रचना हो, राज्यों के सुझावों को ध्यान में लेना क्योंकि पिछले कई दशकों से हर राज्य और केंद्र सरकार एक प्रकार की पेपर लीक की परेशानी झेल रहा है।”
प्रधानमंत्री ने कहा, “बच्चों के भविष्य को भी इसी कारण संकट पैदा हो रहा है। इन सबको ध्यान में रखते हुए देशव्यापी, सभी राज्यों में भी और केंद्र में भी शिक्षा पद्धति में सुधार अनिवार्य हो गया है।”
हाल के दिनों में इस तरह के अपने तीसरे वीडियो संदेश में उन्होंने कहा, “टेक्नोलॉजी के भरपूर उपयोग की आवश्यकता हो गई है और साथ साथ फिर से कोई पेपर माफिया , पेपर लीक करने वाली गैंग देश के बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाली गैंग , उनको बख्शा नहीं जायेगा। ऐसे कठोर कानूनों की भी ज़रूरत है।”
उन्होने कहा, “हम संसद में बिल लेकर गये थे और जैसा कि मैंने आप से वादा किचा था गत दो दिन संसद के दोनों सदनों ने , अधिकतम माननीय सांसदों ने विस्तारपूर्वक उसपर चर्चा की है। और आज दोनों सदनों ने कठोर कानूनों वाले, प्रावधानों वाले इस बिल को पास कर दिया है। अब विश्वस्त परीक्षा पद्धति की तरफ़ जाने में एक महत्वपूर्ण काम पूर्ण हुआ है।”