CCS बैठक के बाद राष्ट्रपति से मिले पीएम

CCS  बैठक के बाद राष्ट्रपति से मिले पीएम

सुरक्षा मामलों की कैबिनेट समिति की बैठक की अध्यक्षता करने के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाक़ात की। यह मुलाक़ात गुरुवार को राष्ट्रपति भवन में हुई।

रास्ठ्रपति भवन ने इस मुलाक़ात की जानकारी सोशल मीडिया पर पोस्ट की।

इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष और विभिन्न मंत्रालयों व विभागों द्वारा उठाए गए कदमों के संदर्भ में स्थिति की समीक्षा करने के लिए गुरवार को सुरक्षा मामलों की कैबिनेट समिति CCS की बैठक की अध्यक्षता की। इस मुद्दे पर CCS  की यह चौथी विशेष बैठक थी।

सरकारी विज्ञप्ति के अनुसार कैबिनेट सचिव ने CCS  को मौजूदा भू-राजनीतिक स्थिति के बारे में जानकारी दी। उन्होंने एलएनजी/एलपीजी और खाद सहित पेट्रोलियम उत्पादों की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए उठाए गए कदमों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि एलपीजी की खरीद के स्रोतों में पहले ही विविधता लाई जा चुकी है और प्रमुख पेट्रोलियम उत्पादों का कुल स्टॉक और आपूर्ति की स्थिति पर्याप्त बनी हुई है।

बैठक के दौरान, आने वाली रबी की फसल के लिए खाद की ज़रूरतों का भी आकलन किया गया और खाद के वैकल्पिक स्रोतों पर भी चर्चा हुई। प्रधानमंत्री ने कहा कि खाद की बिना रुकावट आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए सभी ज़रूरी कदम उठाए जाएं।

बैठक में संघर्षग्रस्त इलाकों में घरेलू और विदेशी झंडे वाले जहाज़ों पर काम कर रहे नाविकों की स्थिति पर भी विचार-विमर्श किया गया। प्रधानमंत्री ने कहा कि नागरिकों और भारतीय मूल के लोगों को इस संघर्ष के असर से बचाने के लिए हर संभव कोशिश की जानी चाहिए।