CM भगवंत मान ने मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर से लिया इस्तीफा

Authored By: News Corridors Desk | 21 Mar 2026, 01:17 PM
news-banner

 पंजाब से इस समय एक बड़ी राजनीतिक खबर सामने आई है। पंजाब स्टेट वेयरहाउस कॉरपोरेशन (PSWC) के जिला मैनेजर गगनदीप सिंह रंधावा के सल्फास खाकर आत्महत्या करने वाला वीडियो के आने से मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अपने ही कैबिनेट मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए उनका इस्तीफा ले लिया है। यह जानकारी पंजाब सीएमओ की ओर से आधिकारिक रूप से जारी की गई है।

सीएमओ के अनुसार, एक विवादित वीडियो के सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई। मुख्यमंत्री ने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के लिए मुख्य सचिव को निर्देश दिए हैं और साफ कहा है कि किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बताया जा रहा है कि यह मामला अमृतसर में भंडारण निगम के एक जिला प्रबंधक की कथित आत्महत्या से जुड़ा हुआ है। मृतक की पहचान गगनदीप सिंह रंधावा के रूप में हुई है। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में उन्होंने जहरीला पदार्थ खाने की बात कही थी और इसमें मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर का नाम भी लिया था।

इस घटना को लेकर विपक्ष लगातार सरकार पर दबाव बना रहा था। नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने भी आरोप लगाए थे कि रंधावा ने सल्फास खाकर आत्महत्या की और मौत से पहले मंत्री का नाम लिया था। बढ़ते विवाद के बीच मुख्यमंत्री ने शीघ्र कार्रवाई करते हुए इस्तीफा ले लिया और जांच के आदेश दिए।