नितिन नबीन ने कहा, यूपी को जीतना ही है

नितिन नबीन ने कहा, यूपी को जीतना ही है
हाइलाइट :
भाजपा का पश्चिमी यूपी में चुनावी शंखनाद

पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दौरे पर मेरठ पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को चुनावी शंखनाद कर दिया। नितिन नबीन ने कहा कि यूपी को जीतना ही है। वहीं सीएम योगी ने कहा कि बाबर के अनयायियों को बजरंगी भक्त ही जवाब देंगे।

नितिन नबीन दो दिवसीय दौरे पर मेरठ आए। पहले दिन उन्होंने शक्ति और युवा सम्मेलन को संबोधित किया। भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि एक समय उत्तर प्रदेश में भय का वातावरण था, जबकि आज भाजपा सरकार में भरोसे का वातावरण है। उन्होंने योगी सरकार के कार्यकाल में कानून-व्यवस्था और विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि अब विकास यूपी की पहचान बन गया है।

यूपी बना उत्तम प्रदेश

नबीन ने कहा कि पहले दंगे होते थे और युवाओं के सामने पहचान का संकट था, जबकि अब एक्सप्रेसवे और अन्य विकास परियोजनाएं प्रदेश की पहचान बन रही हैं। नितिन नवीन ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यूपी को 'उत्तम प्रदेश' बनाने का काम किया है।

'परिवार के अलावा किसी के बारे में नहीं सोचा'

नितिन नवीन ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग आज पिछड़ों और दलितों की बात कर रहे हैं, उन्होंने पहले अपने परिवार के अलावा किसी के बारे में नहीं सोचा। उन्होंने संत रविदास की जयंती का उल्लेख करते हुए कांग्रेस पर भी परिवार-केंद्रित राजनीति का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि यूपी के विकास रथ को रुकने नहीं देना है और संगठन के कार्यकर्ताओं को सरकार की योजनाओं तथा विकास कार्यों की जानकारी जनता तक पहुंचानी है। यूपी को जीतना ही है। 

युवा रील नहीं रियल को फील करें

इससे पहले, नितिन नवीन ने सुभारती यूनिवर्सिटी में युवा सम्मेलन में छात्रों से बातचीत की। उन्होंने छात्रों से कहा कि आजकल युवा को सबसे ज्यादा नशा और शॉर्टकट प्रभावित कर रहा है। हमें इन दोनों से ही बचना चाहिए। युवा रील नहीं, रियल को फील करे। देश को आगे रखे। मंच पर उनके एक तरफ योगी और पंकज चौधरी बैठे थे।

कानून व्यवस्था पर योगी की तारीफ

नितिन नवीन ने आरोप लगाया कि 2017 से पहले प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब थी। उन्होंने कहा कि आज सरकारी योजनाएं गरीबों को ध्यान में रखकर बनाई जा रही हैं, न कि धर्म या समाज देखकर। युवाओं के भविष्य और रोजगार से जुड़े मुद्दों पर भी उन्होंने सीएम योगी की जमकर तारीफ की।

25 बुलडोजरों से नितिन पर बरसाए फूल

मेरठ पहुंचने पर नितिन नवीन का कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। काशी टोल प्लाजा और सुभारती यूनिवर्सिटी के आसपास बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जुटे। स्वागत के दौरान 25 बुलडोजरों से फूल बरसाए गए और क्रेन से माला पहनाई गई। ढोल-नगाड़ों और 'जय श्रीराम' के नारों के बीच कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।