ऑनलाइन बाल अपराध पर गूगल भारतीय एजेंसियों को देगा जानकारी

ऑनलाइन बाल अपराध पर गूगल भारतीय एजेंसियों को देगा जानकारी

मासूमों के यौन शोषण से जुड़ी ऑनलाइन सामग्री के खिलाफ कार्रवाई तेज करने के लिए गूगल ने बड़ा कदम उठाया है। कंपनी ने भारत से संबंधित चाइल्ड सेक्सुअल एब्यूज मटेरियल (CSAM) के मामलों की जानकारी सीधे भारतीय अधिकारियों के साथ साझा करने का प्रस्ताव रखा है। गूगल इंडिया ने भारतीय साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (I4C) को संबंधित सूचनाएं उपलब्ध कराने की पुष्टि की है। 

अब तक गूगल और कई अन्य बड़ी तकनीकी कंपनियां ऐसे मामलों की रिपोर्ट अमेरिका स्थित नेशनल सेंटर फॉर मिसिंग एंड एक्सप्लॉइटेड चिल्ड्रेन (NCMEC) को करती थीं। इसके बाद रिपोर्ट संबंधित देश की कानून प्रवर्तन एजेंसियों तक पहुंचती थी। भारतीय अधिकारियों का कहना रहा है कि इस प्रक्रिया में लगने वाला समय उन मामलों में महत्वपूर्ण हो सकता है, जहां किसी बच्चे को तत्काल खतरा हो। 

गूगल के अनुसार, कंपनी ऐसी सामग्री का पता लगाने, उसे हटाने और रिपोर्ट करने के लिए लगातार तकनीकी उपायों में निवेश कर रही है। नई व्यवस्था के तहत भारत से जुड़े मामलों में I4C और संबंधित सरकारी एजेंसियों के साथ सूचना साझा करने का तंत्र तैयार किया जाएगा। इसमें संदिग्ध सामग्री और बार-बार अपराध में शामिल लोगों से जुड़ी जानकारी भी शामिल हो सकती है।

भारत सरकार के साइबर क्राइम पोर्टल पर भी बच्चों के ऑनलाइन यौन शोषण से संबंधित सामग्री की शिकायत दर्ज कराने की सुविधा उपलब्ध है।