हाइलाइट्स :
• राज्यसभा के लिए 16 अक्टूबर, विधान परिषद के लिए 23 अक्टूबर को वोटिंग
• राज्यसभा की सर्वाधिक सीटें यूपी की
• चार राज्यों में गर्मायी चुनावी सरगर्मी
Rajya Sabha Bypoll: चुनाव आयोग ने राज्य सभा के लिए उत्तर प्रदेश से 10 , उत्तराखंड से एक सीटों के लिए द्विवार्षिक चुनाव तथा पश्चिम बंगाल से राज्य सभा के लिए एक रिक्त सीट के लिए उपचुनाव 16 अक्टूबर को कराने की घोषणा की है।
यूपी में इन का कार्यकाल पूरा
इस साल 25 नवम्बर को 10 सीटों के जिन मौजूदा राज्यसभा सदस्यों का कार्यकाल पूरा हो रहा है। इनमें से आठ सदस्य भाजपा के हैं और एक-एक सदस्य सपा और बसपा का है। यह सदस्य हैं-भाजपा से बृजलाल, डाक्टर दिनेश शर्मा , हरदीप पुरी, गीता शाक्य, नीरज शेखर, अरुण सिंह, बी एल वर्मा, सीमा दि्वेदी, सपा से राम गोपाल यादव और बसपा से रामजी।
विधान परिषद की 28 सीटों पर होगा चुनाव
आयोग ने राज्य सभा की इन 12 सीटों के लिए चुनाव कार्यक्रम की घोषणा करने के साथ ही बिहार, कर्नाटक, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश की विधान परिषदों में स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की कुल 28 सीटों के लिए चुनाव 23 अक्टूबर को कराने के कार्यक्रम भी घोषित किये हैं।
निर्वाचन आयोग ने मंगलवार 22 सितंबर 2026 को कहा कि इन 28 सदस्यों का कार्यकाल नवंबर और दिसंबर में समाप्त हो रहा है। ये सीटें बिहार, कर्नाटक, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश विधान परिषद की हैं।
स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र विशेष चुनावी क्षेत्र होते हैं, जहां केवल निर्धारित योग्यता रखने वाले स्नातक और शिक्षक ही विधान परिषद के सदस्यों (एमएलसी) का चुनाव करते हैं।
कहां कितनी सीटों पर होगा चुनाव
निर्वाचन आयोग के एक बयान के अनुसार, बिहार में विधान परिषद की आठ सीटें रिक्त होने वाली हैं, जिनमें शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की चार-चार सीटें हैं। कर्नाटक में चार सीटें रिक्त होंगी, जिनमें दो स्नातक और दो शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की हैं।
इसी तरह महाराष्ट्र में स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की तीन और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की दो सीटें रिक्त होंगी। उत्तर प्रदेश में 11 सीटें रिक्त होंगी। इनमें स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की पांच और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की छह सीटें शामिल हैं।