बॉलीवुड के मशहूर सिंगर सोनू निगम के परिवार के लिए इस दिवाली एक खास खुशखबरी आई है। उनके 19 साल के बेटे निवान निगम ने म्यूजिक की दुनिया में अपना पहला कदम रख दिया है। निवान ने अपनी पहली शॉर्ट फिल्म 'स्लाइड' के जरिए म्यूजिक डेब्यू किया है। इस खास मौके पर सोनू निगम ने अपनी पत्नी मधुरिमा निगम के साथ सोशल मीडिया पर एक जॉइंट पोस्ट शेयर कर बेटे की उपलब्धि की जानकारी दी।
सोनू निगम अपने बेटे के इस नए सफर को लेकर काफी खुश नजर आए। उन्होंने पोस्ट में निवान के बचपन की परफॉर्मेंस से लेकर उसके पहले इंडिपेंडेंट म्यूजिकल प्रोजेक्ट तक की यात्रा के बारे में बताया। साथ ही यह भी दिखाया कि पिछले कुछ वर्षों में निवान की गायकी, डांस और आत्मविश्वास में कितना बदलाव आया है।
निवान के म्यूजिक डेब्यू पर सोनू निगम ने जाहिर की खुशी
सोनू निगम ने अपने पोस्ट में बेटे की संगीत से जुड़ी तैयारियों और मेहनत का जिक्र किया। उन्होंने निवान के शुरुआती परफॉर्मेंस की झलकियां भी साझा कीं। इनमें कुछ ऐसे वीडियो भी शामिल हैं, जब निवान महज चार साल के थे।
सोनू ने बताया कि बचपन में निवान उनके सामने गाने में भी झिझकते थे, लेकिन अब उनका आत्मविश्वास काफी बदल चुका है। आज वह वोकल कोच के साथ नियमित अभ्यास कर रहे हैं। उनकी तैयारियों में डांस रिहर्सल और फिटनेस रूटीन भी शामिल हैं।
16 घंटे रियाज और डांस प्रैक्टिस कर रहे हैं निवान
अपने बेटे के बदलावों के बारे में बताते हुए सोनू निगम ने उसकी मेहनत का खास तौर पर जिक्र किया। उन्होंने बताया कि जो निवान कभी उनके सामने गाने से शर्माते थे, वही अब अपने वोकल कोच की सिखाई एक्सरसाइज का दिन में 16 घंटे रियाज करते हैं।
सोनू के मुताबिक, निवान ने दिग्गज म्यूजिक प्रोड्यूसर 'पू बियर' (Poo Bear) के साथ स्टूडियो में एक ही बार में शानदार रिकॉर्डिंग भी की है।
उन्होंने निवान की फिटनेस और डांसिंग स्किल्स में आए बदलाव का भी जिक्र किया। सोनू ने बताया कि जो बच्चा पहले 3 मिनट जॉगिंग करने में थक जाता था, वह अब अपनी स्किल्स बेहतर बनाने के लिए घंटों डांस प्रैक्टिस करता है।
4 साल की उम्र में गाया था 'कोलावेरी डी'
सोनू निगम ने अपने पोस्ट में निवान के संगीत से पुराने जुड़ाव को भी याद किया। उन्होंने बताया कि निवान ने महज 4 साल की उम्र में स्टूडियो में 'कोलावेरी डी' गाया था। इसके बाद साढ़े 4 साल की उम्र में उन्होंने स्टेज पर 'अभी मुझमें कहीं' गाना परफॉर्म किया था।
सोनू ने लिखा कि निवान को दर्शकों से बचपन से ही प्यार मिलता रहा है। उन्होंने अपने पोस्ट में परिवार की खुशी और आभार भी जाहिर किया।
सोनू निगम ने पोस्ट में क्या लिखा?
सोनू निगम ने दिवाली के शुभ अवसर पर बेटे के म्यूजिक डेब्यू की जानकारी देते हुए लिखा-
'दिवाली के इस शुभ और पावन अवसर पर, निवान म्यूजिक की दुनिया में अपना सफर शुरू कर रहे हैं। निवान ने अपने दादाजी और पिता से अलग, अपने लिए एक नई राह चुनी है, ताकि वो अपने लिए एक नई राह तलाश कर सके। एक गोल-मटोल बच्चे से लेकर एक छरहरे नौजवान तक, एक ऐसा बच्चा जो कभी अपने पिता के सामने गान में भी शर्माता था और आज वही निवान अपने वोकल कोच द्वारा सिखाई एक्सरसाइज का दिन में 16 घंटे रियाज करता है। वो दिग्गज 'पू बियर' (Poo Bear) के साथ स्टूडियो में एक ही बार में शानदार रिकॉर्डिंग कर रहा है।'
उन्होंने आगे लिखा-
'जो बच्चा कभी 3 मिनट जॉगिंग करने में भी थक जाता था, आज वह अपनी स्किल्स को निखारने के लिए घंटों डांस प्रैक्टिस करता है। निवान ने हमारे पूरे परिवार को बहुत खुश और आभारी बना दिया है (वैसे, मैं 'गर्व' या 'प्राउड' जैसे शब्द का इस्तेमाल करने से बचता हूं!)। 4 साल की उम्र में स्टूडियो में 'कोलावेरी डी' गाने से लेकर, साढ़े 4 साल की उम्र में स्टेज पर 'अभी मुझमें कहीं' गाने तक, निवान को आप सबसे इतना प्यार मिला है, वह सच में बहुत किस्मत वाला है। कृपया हमशा उसे अपना आशीर्वाद दें कि वे आगे का सफर पूरी गरिमा, कड़ी मेहनत, जुनून और विनम्रता के साथ जारी रखे। अपना प्यार उस पर बनाए रखें... पेश है निवान निगम का गाना - "स्लाइड" (SLIDE)।'
सोनू निगम की सर्जरी के दौरान भी जारी रहा संगीत से जुड़ाव
इससे पहले सोनू निगम अपनी सर्जरी को लेकर भी चर्चा में रहे थे। सोशल मीडिया पर उनका एक वीडियो सामने आया था, जिसमें वह ऑपरेशन थिएटर में मोहम्मद रफी साहब का गाना 'सुहानी रात ढल चुकी' गाते नजर आए थे।
सर्जरी के दौरान मुश्किल हालात और दर्द के बावजूद सोनू गाना गाते रहे। उन्होंने अपने इस अनुभव को 'जॉय ऑफ म्यूजिक' बताया था। उनका यह वीडियो फैंस के बीच काफी चर्चा में रहा और लोगों ने उनके संगीत के प्रति इस जज्बे की तारीफ की थी।