शक्ति केंद्र संयोजकों और मंडल अध्यक्षों के सम्मेलन में मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि सपा और कांग्रेस ने प्रदेश को परिवारवाद और जातिवाद की बीमारी दी है। सपा को सनातन का बैर है। राम का नाम लेने से उन्हें उतनी ही चिढ़ होती थी, जितनी बाबर को थी। इसलिए आपको ही सब तय करना है। बाबर के अनुयायियों का जवाब केवल बजरंगबली ही दे सकते हैं। हनुमान भक्त ही ये काम कर सकते हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांवड़ यात्रा सनातन का प्रतीक है और इसे कोई रोक नहीं सकता। उन्होंने कहा कि अब श्रीकृष्ण जन्माष्टमी जैसे धार्मिक आयोजनों पर भी रोक नहीं लगाई जा सकती। योगी ने कहा कि प्रदेश में अब 'कट्टा और बंदूक' की राजनीति नहीं चल सकती।
जातियों में मत बंटना
सपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि पहले दंगाइयों के सामने घुटने टेके जाते थे और उन्हें मुख्यमंत्री आवास पर बुलाकर सम्मानित किया जाता था। उन्होंने कार्यकर्ताओं को आगाह किया कि समाज को दोबारा जातीय आधार पर बांटने के प्रयासों का विरोध किया जाना चाहिए।
'व्यक्ति से बड़ा दल, दल से बड़ा राष्ट्र'
योगी ने कहा कि सपा, बसपा, कांग्रेस और इंडी गठबंधन ने देश को परिवारवाद और जातिवाद की राजनीति दी। उनके अनुसार, राजनीति में 'मेरा क्या' की जगह यह सवाल होना चाहिए कि 'मैं अपने देश के लिए क्या कर रहा हूं।' उन्होंने भाजपा की कार्यशैली बताते हुए कहा—व्यक्ति से बढ़कर दल और दल से बढ़कर राष्ट्र।
कार्यक्रम के दौरान मंच पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी भी मौजूद रहे।