आयुष्मान खुराना को धमकी भरा ऑडियो मैसेज, लॉरेंस गैंग का नाम लेकर मांगे करोड़ों रुपये

आयुष्मान खुराना को धमकी भरा ऑडियो मैसेज, लॉरेंस गैंग का नाम लेकर मांगे करोड़ों रुपये
हाइलाइट्स
• आयुष्मान खुराना को लॉरेंस गैंग के नाम से धमकी भरा ऑडियो मिला
• ऑडियो में करोड़ों रुपये की मांग की गई
• मुंबई पुलिस जांच में जुटी, अब तक FIR दर्ज नहीं

बॉलीवुड अभिनेता आयुष्मान खुराना को धमकी मिलने का मामला सामने आया है। मुंबई पुलिस सूत्रों के मुताबिक, अभिनेता को एक ऑडियो मैसेज भेजा गया है, जिसमें एक शख्स ने खुद को लॉरेंस गैंग का सदस्य बताते हुए करोड़ों रुपये की मांग की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने ऑडियो की जांच शुरू कर दी है। हालांकि, अभी तक इस मामले में एफआईआर दर्ज नहीं की गई है।

ऑडियो भेजने वाले की पहचान करने में जुटी पुलिस

मुंबई पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, आयुष्मान खुराना को मिले ऑडियो मैसेज में धमकी देने वाले व्यक्ति ने लॉरेंस गैंग से जुड़ा होने का दावा किया है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उसका दावा सही है या वह किसी गिरोह का नाम लेकर अभिनेता को डराना चाहता है।

जांच के दौरान ऑडियो में सुनाई दे रही आवाज का मिलान पुलिस रिकॉर्ड में मौजूद उस नाम के आरोपी के ऑडियो से किया जा रहा है, जिसकी पहचान मैसेज भेजने वाले ने बताई है। इसके जरिए व्यक्ति की असली पहचान और कथित गैंग से उसके संबंधों की पड़ताल की जा रही है।

तुषार कपूर को भी मिला था धमकी भरा ऑडियो

इससे कुछ दिन पहले अभिनेता तुषार कपूर को भी धमकी भरा ऑडियो मैसेज मिला था। उस मैसेज में भेजने वाले ने खुद को हैरी बॉक्सर बताया था। हालांकि, पुलिस की शुरुआती जांच में उस ऑडियो के फर्जी होने की आशंका जताई गई थी।

वहीं, इससे पहले टाइगर श्रॉफ पर भी हमला हुआ था, जिसकी जिम्मेदारी लॉरेंस गैंग ने ली थी। इस मामले में अब तक 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और जांच जारी है।

इसके अलावा, एक ईमेल के जरिए अभिनेता अमिताभ बच्चन और दिलजीत दोसांझ को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। इसके बाद अमिताभ बच्चन की सिक्योरिटी बढ़ा दी गई थी।

बड़े फिल्मी सितारों को मिल रही धमकियों की जांच

आयुष्मान खुराना को मिले ऑडियो मैसेज की जांच के साथ मुंबई पुलिस ऐसे लोगों और गिरोहों की पहचान करने में जुटी है, जो फिल्मी सितारों को धमकी दे रहे हैं। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि इन घटनाओं के पीछे किसी संगठित गिरोह की भूमिका है या अलग-अलग लोग विभिन्न नामों का इस्तेमाल कर ऐसी धमकियां दे रहे हैं।

फिलहाल आयुष्मान खुराना को मिली धमकी के मामले में जांच जारी है और कोई एफआईआर दर्ज नहीं हुई है।

आखिरी बार 'उड़ता तीर' में नजर आए थे आयुष्मान

वर्कफ्रंट की बात करें तो आयुष्मान खुराना आखिरी बार सारा अली खान के साथ फिल्म 'उड़ता तीर' में नजर आए थे। इस कॉमेडी ड्रामा में उन्होंने एक पाकिस्तानी एजेंट की भूमिका निभाई थी, जिसकी यादाश्त खो जाती है। फिल्म में उनके काम की तारीफ हुई थी।