योगी ने कांग्रेस व अन्य विपक्षी दलों को सुनाई खरी-खरी

योगी ने कांग्रेस व अन्य विपक्षी दलों को सुनाई खरी-खरी

Yogi on SIR Electoral Roll Revision: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस समेत विपक्षी दलों पर संवैधानिक संस्थाओं और चुनाव प्रक्रिया को लेकर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक स्वार्थ के लिए लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण SIR को लेकर विपक्षी दलों के विरोध को गैरजिम्मेदाराना बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि SIR पहली बार नहीं हो रहा है। देश में वर्ष 1952, 1957, 1961, 1965-66 और 2003 समेत कई अवसरों पर मतदाता सूची का विशेष पुनरीक्षण किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि इस बार कांग्रेस, सपा, राजद समेत अन्य दलों ने एसआईआर को लेकर अनावश्यक हायतौबा मचाई है।

योगी ने कहा कि विपक्षी दल चुनाव जीतने पर उसे अपना पुरुषार्थ बताते हैं, लेकिन हार मिलने पर चुनाव आयोग और ईवीएम को जिम्मेदार ठहराते हैं। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों को ऐसे बयानों पर आत्मचिंतन करना चाहिए। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस लगातार चुनाव आयोग समेत संवैधानिक संस्थाओं को कठघरे में खड़ा कर रही है।

राहुल गांधी ने न्यायपालिका की निष्पक्षता पर कैंब्रिज में उठाया था सवाल

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कैंब्रिज में भारत की न्यायपालिका की निष्पक्षता पर सवाल उठाया था। उन्होंने राफेल मामले में नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) की टिप्पणियों को लेकर कांग्रेस के रुख का भी उल्लेख किया। योगी ने कहा कि केंद्र और कई राज्यों में कांग्रेस की सरकारें उसी ईवीएम से बनीं, लेकिन अब उसी मशीन को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं।