स्वरा भास्कर इन दिनों रियेलिटी शो 'राइज एंड फॉल 2' में नजर आ रही हैं। शो में उन्होंने अपनी निजी जिंदगी से जुड़ा एक बड़ा खुलासा किया है। स्वरा ने बताया कि एक समय वह शादी नहीं करना चाहती थीं, लेकिन मां बनने की इच्छा उनके मन में हमेशा थी। इसी वजह से उन्होंने शादी का इंतजार करने के बजाय अपनी शर्तों पर मां बनने की कोशिश करने का फैसला किया था।
स्वरा के मुताबिक, उन्होंने अनजान डोनर के साथ दो बार IVF के जरिए मां बनने की कोशिश की, लेकिन दोनों प्रयास सफल नहीं हुए।
स्वरा ने माता-पिता से भी की थी IVF को लेकर बात
स्वरा ने शो में अन्य कंटेस्टेंट्स से बातचीत के दौरान बताया कि उन्होंने अपने माता-पिता से IVF के जरिए मां बनने की संभावना पर चर्चा की थी। उनके माता-पिता भी इस फैसले के लिए तैयार हो गए थे।
स्वरा ने कहा, 'मैं आईवीएफ के लिए तैयार थी। मैंने अपने माता-पिता को भी इसके लिए तैयार कर लिया था। मुझे लगा- मेरी शादी तो होने से रही, मैं आईवीएफ से बच्चा करूंगी। पहले तो वह इसके बारे में सुनकर चौंक गए और फिर मेरे बेचारे पेरेंट्स यार, बड़े स्वीट लोग हैं। उन्होंने कहा- ठीक है। लेकिन, उन्होंने मुझसे बात की और कहा- सुनो ये इस देश में बेहद चैलेंजिंग होगा, लेकिन अगर तुम ये चाहती हो तो ठीक है।'
अनजान डोनर के साथ दो बार की IVF की कोशिश
स्वरा ने बताया कि फहद अहमद से शादी से पहले उन्होंने दो बार IVF के जरिए मां बनने का प्रयास किया था। दोनों ही बार उन्होंने अज्ञात डोनर का इस्तेमाल किया, लेकिन वह मां नहीं बन सकीं।
स्वरा ने कहा, 'मैंने दो बार आईवीएफ के जरिए मां बनने की कोशिश की थी और वो भी अज्ञात डोनर के साथ, लेकिन नहीं हुआ।'
'राइज एंड फॉल 2' में स्वरा ने क्यों पहना 'मोटी' लिखा ब्लाउज?
'राइज एंड फॉल 2' में एंट्री के दौरान स्वरा भास्कर ने 'मोटी' लिखा ब्लाउज पहना था। इसे देखकर वीरेंद्र सहवाग ने उनसे इसकी वजह पूछी।
स्वरा ने बताया कि ट्रोल्स उन्हें इसी शब्द से बुलाते हैं, इसलिए उन्होंने अब इस शब्द को अपना लिया है। 'राइज एंड फॉल 2' को शुरू हुए अभी 2 दिन ही हुए हैं और इसी बीच शो में उनके इस खुलासे की चर्चा हो रही है।
फहद अहमद से कैसे हुई थी स्वरा की मुलाकात?
फहद अहमद और स्वरा भास्कर पहली बार जनवरी 2020 में दिल्ली में एक प्रोटेस्ट के दौरान मिले थे। स्वरा ने बताया कि दोनों तुरंत एक-दूसरे के करीब आ गए।
उन्होंने कहा, 'हम तुरंत ही एक-दूसरे के करीब आ गए... यह सब बहुत जबरदस्त था। हमने कोर्ट में शादी की। मतलब, हमें एक साथ 2-3 अच्छी खबरें मिल गईं।'