मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के घर प्रदर्शन, दीवारों पर पोती कालिख; दो कांग्रेसी गिरफ्तार

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के घर प्रदर्शन, दीवारों पर पोती कालिख; दो कांग्रेसी गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के आगरा में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के विजय नगर कालोनी स्थित मूल निवास पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान उनके घर की दीवारों पर कालिख पोती गई और आपत्तिजनक शब्द लिखे गए। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई।

एसआईआर में वैध मतदाताओं के नाम हटाए जाने के आरोपों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ता यहां पहुंचे थे। प्रदर्शन का नेतृत्व जिलाध्यक्ष मुकेश धनगर और प्रदेश संगठन महासचिव अनिल यादव ने किया। प्रदर्शन में सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए।

कांग्रेस नेताओं ने क्या मांग की?

अनिल यादव ने मुख्य चुनाव आयुक्त की गिरफ्तारी और उन्हें पद से हटाने की मांग की। इसके साथ ही उन्होंने उनके कार्यकाल के निर्णयों और मतदाता सूची में हुए बदलावों की स्वतंत्र समीक्षा की मांग भी रखी।

मुकेश धनगर ने कहा कि पात्र मतदाता का नाम हटाना लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़ा गंभीर मामला है।

प्रदर्शन में उमेश शर्मा, विक्रम बाल्मीकि, मनोज गौड़, आदित्य तिवारी, विपुल पाठक, बालवीर प्रधान, हाकिम सिंह छोकर, करण निषाद, राजा गौतम, नरेंद्र शर्मा, पंकज चौधरी, शैलेंद्र चौधरी, धर्मेंद्र सिंह प्रधान, अमित दीक्षित और संदीप मौजूद रहे।

मुकेश धनगर ने लगाए वोट चोरी के आरोप

कांग्रेस के मथुरा जिला अध्यक्ष मुकेश धनगर ने आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने भाजपा से साथ वोट चोरी कर सरकार बनाई है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मथुरा में वोट चोरी करके हेमा मालिनी को जीत दिलाई गई।

मुकेश धनगर ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता पूरे देश में मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ चरणबद्ध आंदोलन कर रहे हैं। उनके मुताबिक, राहुल गांधी समेत विपक्ष के नेता उनके खिलाफ महाभियोग लाने की तैयारी कर रहे हैं।

प्रदर्शन के मामले में दो कांग्रेसी गिरफ्तार

मुख्य चुनाव आयुक्त के घर पर प्रदर्शन के मामले में पुलिस ने अनिल यादव और मुकेश धनगर को गिरफ्तार किया है। अनिल यादव प्रदेश महासचिव (संगठन) आजमगढ़ हैं, जबकि मुकेश धनगर मथुरा के जिलाध्यक्ष हैं। पुलिस उनके अन्य साथियों की तलाश कर रही है।

इस मामले में थाना हरीपर्वत में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस प्रदर्शनकारियों की पहचान के लिए सीसीटीवी कैमरों की मदद ले रही थी।

दिल्ली की ओर जाते समय पकड़े गए दोनों नेता

पुलिस के मुताबिक, दिल्ली की ओर भागने का प्रयास कर रहे अनिल यादव और मुकेश धनगर को पुलिस टीम ने पीछा करके गाड़ी सहित गिरफ्तार किया। दोनों से पुलिस पूछताछ कर रही है।

अनिल यादव विगत विधानसभा चुनाव में निजामाबाद आजमगढ़ से कांग्रेस के प्रत्याशी थे। वहीं, मुकेश धनगर विगत लोकसभा चुनाव में मथुरा से कांग्रेस के प्रत्याशी थे।

प्रारंभिक पूछताछ में दोनों ने बताया कि आगरा के बाद वे दिल्ली स्थित पार्टी कार्यालय जा रहे थे।