तमिलनाडु में नवजात बच्चों को 22 कैरेट सोने की अंगूठी, CM विजय ने पूरा किया चुनावी वादा

तमिलनाडु में नवजात बच्चों को 22 कैरेट सोने की अंगूठी, CM विजय ने पूरा किया चुनावी वादा

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और TVK नेता सी. जोसेफ विजय ने अपना चुनावी वादा पूरा करते हुए नवजात बच्चों के लिए 'थाईमामन थंगा मोदिरम' योजना शुरू की है। योजना की शुरुआत सरकारी राजाजी अस्पताल, मदुरई में हुई, जहां मुख्यमंत्री विजय ने 25 नवजात शिशुओं को 1 ग्राम की 22 कैरेट सोने की अंगूठियां भेंट कीं।

मुख्यमंत्री विजय विशेष विमान से मदुरई पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने कई नवजात बच्चों को अपनी गोद में उठाया। माताओं के अनुरोध पर उन्होंने कुछ बच्चों के कान में बोलकर उनका नामकरण भी किया। 22 जून, 2026 से सरकारी अस्पतालों में जन्मे बच्चों को इस योजना का लाभ मिलेगा।

चुनाव के दौरान किया था सोने की अंगूठी देने का वादा

तमिलनाडु में बच्चे के जन्म पर मामा की ओर से भेंट देने का चलन है। इसी परंपरा का जिक्र करते हुए CM विजय ने चुनाव प्रचार के दौरान खुद को तमिलनाडु की महिलाओं का भाई बताया था।

उन्होंने घोषणा की थी कि उनकी पार्टी की सरकार बनने पर एक मामा की तरफ से सरकारी अस्पताल में जन्म लेने वाले हर शिशु को 1 ग्राम सोने की अंगूठी दी जाएगी। अब 'थाईमामन थंगा मोदिरम' योजना की शुरुआत के साथ इस वादे को लागू किया गया है।

पहले चरण में खरीदी गईं 1.28 लाख सोने की अंगूठियां

योजना के पहले चरण के लिए सरकार ने 1.28 लाख अंगूठियां खरीदी हैं। सभी अंगूठियों को सुरक्षित तरीके से पैक किया गया है। योजना के क्रियान्वयन में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए प्रत्येक अंगूठी पर एक यूनिक सीरियल नंबर भी खुदा हुआ है।

राज्य सरकार ने इस योजना के लिए 755.83 करोड़ का सालाना खर्च तय किया है।

किन माताओं और बच्चों को मिलेगा योजना का लाभ?

इस योजना का लाभ राज्य की स्थायी निवासी माताओं को मिलेगा। इसके लिए उनका 'प्रेग्नेंसी एंड इन्फेंट कोहोर्ट मॉनिटरिंग एंड इवैल्यूएशन' (PICME) के तहत रजिस्ट्रेशन होना जरूरी है। इसके साथ ही उनके पास 'रिप्रोडक्टिव एंड चाइल्ड हेल्थ' (RCH) ID भी होनी चाहिए।

पूरे राज्य में अब गोल्ड रिंग भेंट करने का काम शुरू किया जाएगा। इसके लिए 107 केंद्र बनाए गए हैं। हर केंद्र पर हर दिन 100 शिशुओं को अंगूठी भेंट करने का लक्ष्य रखा गया है।

पहले 15 सितंबर को होना था योजना का शुभारंभ

'थाईमामन थंगा मोदिरम' योजना की शुरुआत पहले 15 सितंबर को होनी थी, लेकिन इसे टाल दिया गया। इसके बाद लॉन्च की तारीख 28 सितंबर तय की गई।

बाद में योजना के लॉन्च की जगह भी बदली गई और मदुरै के सरकारी राजाजी अस्पताल में इसकी शुरुआत की गई। सोमवार से पूरे राज्य में योजना लागू होने के साथ सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में जन्म लेने वाले योग्य नवजात शिशु इसके दायरे में आ जाएंगे।

पूरे राज्य में लागू हुई योजना

योजना के राज्यभर में शुरू होने के साथ सरकारी अस्पतालों में जन्म लेने वाले पात्र नवजात शिशुओं को 1 ग्राम की 22 कैरेट सोने की अंगूठी दी जाएगी। इस तरह तमिलनाडु सरकार ने अपने अहम चुनावी वादों में से एक को लागू किया है।