परिसीमन बिल पर शरद पवार की NCP-SP का केंद्र को समर्थन, विपक्षी एकजुटता को झटका

परिसीमन बिल पर शरद पवार की NCP-SP का केंद्र को समर्थन, विपक्षी एकजुटता को झटका
हाइलाइट्स
• परिसीमन बिल पर शरद पवार की NCP-SP करेगी केंद्र का समर्थन
• जितेंद्र आव्हाड ने फैसले की पुष्टि की
• INDIA ब्लॉक की बैठक में शामिल नहीं होंगी सुप्रिया सुले

संसद के विशेष सत्र से पहले विपक्षी गठबंधन INDIA को बड़ा झटका लगा है। शरद पवार की अगुवाई वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP-SP) ने केंद्र सरकार के परिसीमन बिल का समर्थन करने का फैसला किया है। पार्टी ने शुक्रवार को अपने रुख की जानकारी दी। संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक आयोजित होना है।

NCP-SP नेता जितेंद्र आव्हाड ने मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल के बाहर मीडिया से बातचीत में बताया कि उन्होंने पार्टी प्रमुख शरद पवार से मुलाकात की थी। इस दौरान पवार ने साफ किया कि संविधान के प्रावधानों के तहत परिसीमन की प्रक्रिया होनी है। इसी संवैधानिक आधार पर पार्टी ने विधेयक का समर्थन करने का निर्णय लिया है।

शरद पवार से चर्चा के बाद पार्टी ने लिया फैसला

जितेंद्र आव्हाड के मुताबिक, शरद पवार का मानना है कि परिसीमन संवैधानिक व्यवस्था का हिस्सा है। इसलिए इस प्रक्रिया को आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने बताया कि सुप्रिया सुले और पार्टी के सांसदों के साथ भी इस मुद्दे पर चर्चा हुई, जिसके बाद केंद्र सरकार के परिसीमन विधेयक का समर्थन करने का फैसला किया गया।

पार्टी के इस रुख से संसद के विशेष सत्र से पहले विपक्षी गठबंधन INDIA की रणनीति को झटका लगा है।

INDIA ब्लॉक की बैठक में शामिल नहीं होंगी सुप्रिया सुले

NCP-SP की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले शनिवार को होने वाली INDIA ब्लॉक की बैठक में हिस्सा नहीं लेंगी। इस बैठक में संसद के आगामी सत्र के दौरान विपक्ष की रणनीति पर चर्चा होनी है।

सुप्रिया सुले ने अपने पिता शरद पवार की खराब तबीयत का हवाला देते हुए बैठक में शामिल होने में असमर्थता जताई है। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया है कि पार्टी के सांसद बैठक में शामिल होंगे।

शरद पवार फिलहाल मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती हैं।

अप्रैल में लोकसभा से पारित नहीं हो पाया था विधेयक

परिसीमन बिल को लेकर सरकार की पिछली कोशिश अप्रैल में सफल नहीं हो पाई थी। उस समय लोकसभा में संविधान (131वां संशोधन) विधेयक पेश किया गया था, लेकिन इसे पारित कराने के लिए जरूरी विशेष दो-तिहाई बहुमत नहीं मिल सका था।

सरकार ने बार-बार भरोसा दिलाया है कि परिसीमन की प्रक्रिया में किसी भी राज्य के साथ अन्याय नहीं होगा।

अमित शाह ने सीटों में समान अनुपात से बढ़ोतरी का दिया था संकेत

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पहले संकेत दे चुके हैं कि सभी राज्यों में सीटों की संख्या समान अनुपात में 50 प्रतिशत बढ़ाने के प्रस्ताव से जुड़े विधेयक में जरूरत पड़ने पर संशोधन किया जा सकता है।

अब शरद पवार की अगुवाई वाली NCP-SP के समर्थन के फैसले के बाद संसद के विशेष सत्र में परिसीमन बिल को लेकर राजनीतिक चर्चा अहम हो गई है।