AI का इस्तेमाल बताएंगे सचिन तेंदुलकर, OpenAI के साथ की साझेदारी

AI का इस्तेमाल बताएंगे सचिन तेंदुलकर, OpenAI के साथ की साझेदारी
हाइलाइट :
• ChatGPT के नए उपयोग तलाशेंगे सचिन तेंदुलकर
• AI आजमाने के लिए लोगों को करेंगे प्रेरित
• परिवार संग ट्रिप प्लान करने में किया ChatGPT का इस्तेमाल

Sachin Tendulkar OpenAI Partnership : महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने OpenAI के साथ साझेदारी की घोषणा की है। उन्होंने सोशल मीडिया मंच X पर इसकी जानकारी साझा करते हुए कहा कि इस साझेदारी के तहत कई दिलचस्प चीजें सामने आने वाली हैं और वह उन्हें लोगों के साथ साझा करने के लिए उत्साहित हैं।

तेंदुलकर ने कहा कि वह हमेशा से नई चीजों को लेकर जिज्ञासु रहे हैं। उनके अनुसार एक सवाल अक्सर दूसरे सवाल को जन्म देता है और ChatGPT ने उनकी इस आदत को और बढ़ावा दिया है। उन्होंने यह भी बताया कि ChatGPT केवल सवालों के जवाब तलाशने तक सीमित नहीं है, बल्कि रोजमर्रा के कामों में भी उपयोगी साबित हुआ है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि उन्होंने परिवार के साथ अपनी पिछली यात्रा की योजना बनाने में भी ChatGPT का इस्तेमाल किया।

उन्होंने कहा कि साझेदारी के दौरान वह यह जानने की कोशिश करेंगे कि ChatGPT के जरिए और क्या-क्या किया जा सकता है। तेंदुलकर ने अपने अनुभवों में उपयोगी चीजों को साझा करने और अधिक से अधिक लोगों को उनकी रुचि से जुड़े विषयों में ChatGPT आजमाने के लिए प्रोत्साहित करने की बात कही।

तेंदुलकर ने लोगों से किसी सवाल, विचार या ऐसी चीज से शुरुआत करने का सुझाव दिया, जिसे वे लंबे समय से तलाशना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि शुरुआत करने के लिए बहुत से रास्ते हैं और वह इस नए सफर को लोगों के साथ तलाशने को लेकर उत्सुक हैं।