उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले विपक्षी गठबंधन को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। आजाद समाज पार्टी (कांशी राम) के अध्यक्ष और नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस की रणनीति पर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि दोनों दल भाजपा को हराने के लिए गंभीर नहीं हैं। इसके साथ ही उन्होंने इन पार्टियों को भाजपा के खिलाफ एकजुट लड़ाई के लिए अपने 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' में शामिल होने का न्योता भी दिया है।
चंद्रशेखर आजाद ने रविवार को समाचार एजेंसी पीटीआई को दिए साक्षात्कार में कहा कि अगले साल होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा को चुनौती देने के लिए विपक्षी दलों को एक साथ आना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि इस दिशा में पहले सभी विपक्षी पार्टियों से संपर्क किया गया था, लेकिन सहमति नहीं बनने पर अलग मोर्चा बनाने का फैसला लिया गया।
भाजपा को हराने के लिए बड़े गठबंधन की जरूरत: चंद्रशेखर आजाद
आजाद के मुताबिक, उन्होंने विपक्षी दलों के साथ गठबंधन बनाने की कोशिश की थी। इसके लिए जिम्मेदार नेताओं को औपचारिक संदेश भी भेजे गए, लेकिन जब उन्हें लगा कि दूसरे दल साथ आने के इच्छुक नहीं हैं, तो उन्होंने सामाजिक परिवर्तन मोर्चा बनाने का रास्ता चुना।
उन्होंने कहा कि भाजपा को चुनाव में हराने के लिए बड़े वोट शेयर वाले दलों का गठबंधन जरूरी है। अपनी बात के समर्थन में उन्होंने 2017 और 2022 के विधानसभा चुनावों का उदाहरण दिया।
चंद्रशेखर आजाद ने सपा और कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वे 2017, 2019, 2022 और 2024 के चुनावों में भी भाजपा को रोकने के लिए गंभीर नहीं रहे। उन्होंने कहा कि गरीब और कमजोर वर्गों पर अत्याचार होते हैं, लेकिन इन नेताओं को इससे कोई कष्ट नहीं होता।
मायावती की बसपा पर भी चंद्रशेखर आजाद ने उठाए सवाल
बसपा की मौजूदा राजनीतिक स्थिति पर टिप्पणी करते हुए आजाद ने दावा किया कि मायावती के नेतृत्व वाली पार्टी के प्रति लोगों का विश्वास कम हुआ है। उन्होंने बसपा के वोट शेयर में आई गिरावट का आंकड़ा भी सामने रखा।
चंद्रशेखर आजाद के अनुसार, 2007 में बसपा का वोट शेयर 30 फीसदी था, जो अब घटकर नौ फीसदी रह गया है। उन्होंने इसे 21 फीसदी का अंतर बताते हुए कहा कि चुनाव दर चुनाव पार्टी के प्रति लोगों का भरोसा कम हुआ है।
उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान में बसपा का लोकसभा, विधानसभा या राज्यसभा में एक भी प्रतिनिधि नहीं है। इसके उलट, आजाद ने अपनी पार्टी आजाद समाज पार्टी का समर्थन आधार लगातार बढ़ने का दावा किया।
AIMIM के साथ गठबंधन को 'बी-टीम' बताने पर दिया जवाब
चंद्रशेखर आजाद ने अपनी पार्टी के असदुद्दीन ओवैसी की एआईएमआईएम के साथ गठबंधन को भाजपा की 'बी-टीम' कहे जाने वाले आरोपों को भी खारिज किया। उन्होंने कहा कि इस तरह की टिप्पणी करने वालों को लोग जवाब देंगे। उनके मुताबिक, ऐसा तर्क संविधान के विरुद्ध है।
कांग्रेस पर पलटवार करते हुए आजाद ने 2022 के विधानसभा चुनाव का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उस चुनाव में कांग्रेस ने समाजवादी पार्टी के खिलाफ 399 सीटों पर चुनाव लड़ा था और करीब 300 सीटों पर उसकी जमानत जब्त हुई थी। उन्होंने सवाल किया कि क्या उस समय कांग्रेस को 'बी-टीम' कहा गया था?
आजाद ने यह भी कहा कि समाजवादी पार्टी ने मध्य प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में कांग्रेस के खिलाफ चुनाव लड़ा था। उन्होंने आरोप लगाया कि ये नेता सत्ता को अपनी पैतृक संपत्ति मानते हैं।
सामाजिक परिवर्तन मोर्चा के जरिए 2027 का चुनाव लड़ने की तैयारी
सामाजिक परिवर्तन मोर्चा को लेकर चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि इसका लक्ष्य उत्तर प्रदेश में सरकार बनाना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मोर्चा चुनाव में उतरेगा और NDA तथा अन्य 'फर्जी गठबंधनों' की जमानत जब्त कराने का दावा करता है।
एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने हाल ही में चंद्रशेखर आजाद को 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए सामाजिक परिवर्तन मोर्चा का मुख्यमंत्री चेहरा घोषित किया था।
मोर्चा की ओर से सपा और कांग्रेस को 26 नवंबर को अपनी ताकत दिखाने का प्रस्ताव दिया गया है। इसी दिन आजाद समाज पार्टी और एआईएमआईएम गठबंधन लखनऊ में एक रैली आयोजित करेगा।
भाजपा के 10 साल के शासन पर भी साधा निशाना
चंद्रशेखर आजाद ने भाजपा के 10 साल के शासन को लोकतंत्र की हत्या और संवैधानिक मूल्यों पर बड़ा हमला बताया। उन्होंने अपने खिलाफ गाजियाबाद की एक अदालत से संपत्ति कुर्की के आदेश जारी होने का भी दावा किया।