UP Weather Update: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद और आसपास के इलाकों में सितंबर के आखिरी दिनों में मौसम ने करवट ली। पूर्णिमा यानी भादो माह के आखिरी दिन शनिवार को इस सीजन की सबसे ज्यादा बारिश हुई। शुक्रवार रात 12 बजे से शुरू हुआ बारिश का सिलसिला शनिवार देर रात तक जारी रहा और 24 घंटे में 110 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।
इस बारिश के साथ तापमान में भी तेज गिरावट दर्ज हुई। 26 सितंबर का अधिकतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस रहा। नवंबर माह का औसत तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहता है, जबकि इस दिन का तापमान उससे काफी कम रहा। इससे 57 वर्ष बाद सितंबर का महीना नवंबर से भी ठंडा हो गया।
110 मिमी बारिश ने पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़े
मौसम विज्ञान विभाग के डाटा संग्रह केंद्र प्रभारी निसार अहमद के मुताबिक, शनिवार सुबह 8:30 बजे तक 21.4 मिमी बारिश दर्ज हुई थी। शाम 5:30 बजे तक यह आंकड़ा बढ़कर 79.8 मिमी हो गया। देर रात तक कुल बारिश 110 मिमी पहुंच गई और पिछले सभी रिकॉर्ड टूट गए।
यह इस सीजन की सबसे अधिक बारिश रही। शनिवार को अधिकतम तापमान 22.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अधिकतम तापमान सामान्य से 9.4 डिग्री कम रहा। वहीं अधिकतम और न्यूनतम तापमान के बीच सिर्फ दो डिग्री सेल्सियस का अंतर रहा, जिससे अचानक ठंड का अहसास बढ़ गया।
दिन में ही महसूस होने लगी सिहरन
शुक्रवार रात 12 बजे से चमक और गरज के साथ बारिश शुरू हुई। शनिवार को तेज हवाओं के बीच कभी हल्की तो कभी तेज बारिश होती रही।
तापमान में गिरावट का असर ऐसा रहा कि दोपहिया वाहनों से निकलने वाले लोगों को दिन में ही सिहरन महसूस होने लगी। शाम से रात तक यह सिहरन ठिठुरन जैसे अहसास में बदल गई।
शनिवार सुबह आर्द्रता 98 फीसदी और शाम को 100 फीसदी रही।
कम दबाव के क्षेत्र से बढ़ी बारिश
लखनऊ मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक एम. दानिश ने बताया कि उत्तर-मध्य प्रदेश में कम दबाव का क्षेत्र बना था। इसके बाद यह धीरे-धीरे खिसककर पश्चिमी उत्तर प्रदेश की ओर आ गया।
इसके प्रभाव से मुरादाबाद समेत आसपास के जनपदों में भारी बारिश हो रही है। इस दौरान हवा की दिशा में भी बदलाव दर्ज किया गया।
सुबह हवा पूर्व से पश्चिम की ओर 5 से 10 किमी की रफ्तार से चली, जबकि शाम को पश्चिम से पूर्व की ओर 10 से 15 किमी की रफ्तार रही।
सितंबर में सबसे कम अधिकतम तापमान का रिकॉर्ड
इससे पहले सितंबर में सबसे कम अधिकतम तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस 23 सितंबर 1969 को दर्ज किया गया था। सितंबर माह के दस सबसे कम अधिकतम तापमान का रिकॉर्ड इस प्रकार है:
| तापमान |
तारीख |
| 22.6 डिग्री सेल्सियस |
23 सितंबर 1969 |
| 22.8 डिग्री सेल्सियस |
24 सितंबर 1969 |
| 23.2 डिग्री सेल्सियस |
16 सितंबर 2005 |
| 23.4 डिग्री सेल्सियस |
17 सितंबर 2005 |
| 23.5 डिग्री सेल्सियस |
19 सितंबर 2020 |
| 23.7 डिग्री सेल्सियस |
07 सितंबर 1975 |
| 24.0 डिग्री सेल्सियस |
23 सितंबर 2010 |
| 24.4 डिग्री सेल्सियस |
11 सितंबर 2002 |
| 24.5 डिग्री सेल्सियस |
18 सितंबर 2020 |
| 24.7 डिग्री सेल्सियस |
02 सितंबर 2006 |
मानसून का सीजन 30 सितंबर तक रहेगा।