भारत ने गरीबी उन्मूलन के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। 2011-12 में अत्यधिक गरीबी दर जहां 27.1% थी, वहीं 2022-23 में यह घटकर मात्र 5.3% रह गई है। यानी पिछले 11 वर्षों में लगभग 27 करोड़ लोग घोर गरीबी से बाहर निकले हैं। यह परिवर्तन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चलाए गए विकास कार्यक्रमों और सरकारी योजनाओं की सफलता का प्रतिफल है।
विश्व बैंक की रिपोर्ट में क्या कहा गया?
विश्व बैंक की ताजा रिपोर्ट में बताया गया है कि भारत में 2011-12 में 34.44 करोड़ लोग अत्यधिक गरीबी में थे, जो अब घटकर सिर्फ 7.52 करोड़ रह गए हैं। गरीबी रेखा को अब 3 डॉलर प्रतिदिन (2021 की पीपीपी दर पर) माना गया है। इसके अनुसार, 2024 में भारत की अत्यधिक गरीबी दर 5.44% रही। यदि पुराने 2.15 डॉलर प्रतिदिन के हिसाब से देखें तो 2022 में यह दर केवल 2.3% रह गई है।
मुफ्त योजनाएं और डीबीटी बनीं गरीबी उन्मूलन की रीढ़
गरीबी में इस ऐतिहासिक गिरावट का मुख्य श्रेय सरकार की मुफ्त योजनाओं और डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) को दिया गया है। प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, जन-धन योजना, और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं ने लोगों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराईं। डीबीटी, डिजिटल समावेशन, और मजबूत ग्रामीण ढांचा अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने में सहायक रहे। इन पहलों के कारण 25 करोड़ से अधिक लोग गरीबी रेखा से ऊपर उठ सके हैं।
ग्रामीण और शहरी गरीबी में भी भारी गिरावट
ग्रामीण क्षेत्रों में अत्यधिक गरीबी दर 18.4% से घटकर 2.8% हो गई है, जबकि शहरी क्षेत्रों में यह 10.7% से घटकर मात्र 1.1% रह गई है। ग्रामीण-शहरी अंतर भी 7.7% से घटकर 1.7% रह गया है। यह दर्शाता है कि समावेशी विकास की नीति काम कर रही है।
बहुआयामी गरीबी में भी बड़ी गिरावट
भारत ने न केवल आय आधारित गरीबी, बल्कि बहुआयामी गरीबी (Multidimensional Poverty Index - MPI) में भी जबरदस्त प्रगति की है। 2005-06 में MPI 53.8% था, जो 2019-21 में 16.4% और 2022-23 में घटकर 15.5% हो गया। इसमें शिक्षा, स्वास्थ्य और जीवन स्तर जैसे कई कारक शामिल हैं।
इन 5 राज्यों ने निभाई बड़ी भूमिका
उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, बिहार और पश्चिम बंगाल जैसे पांच बड़े राज्यों ने अत्यधिक गरीबी में कमी लाने में दो-तिहाई योगदान दिया है। 2011-12 में देश के 65% अत्यंत गरीब इन पांच राज्यों में थे। 2022-23 तक इन राज्यों ने गरीबी उन्मूलन में अग्रणी भूमिका निभाई है।