एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) ने भारत के सबसे धनी विधायकों की लेटेस्ट रिपोर्ट जारी की है। इस रिपोर्ट के अनुसार, देश में सबसे अमीर और सबसे गरीब विधायक दोनों भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से हैं। रिपोर्ट में वित्तीय असमानता का भी जिक्र किया गया है, जिसमें सबसे अमीर और सबसे गरीब विधायक के बीच 3,382 करोड़ रुपये से अधिक का अंतर है।
भारत के टॉप 10 सबसे अमीर विधायक
एडीआर रिपोर्ट के अनुसार, महाराष्ट्र के घाटकोपर ईस्ट से भाजपा विधायक पराग शाह भारत के सबसे अमीर विधायक हैं, जिनकी घोषित संपत्ति ₹3,383 करोड़ है। आइए जानते हैं टॉप 10 सबसे धनी विधायकों की सूची:
पराग शाह (भाजपा, महाराष्ट्र) – ₹3,383 करोड़
डी.के. शिवकुमार (कांग्रेस, कर्नाटक) – ₹1,413 करोड़
के.एच. पुट्टस्वामी गौड़ा (निर्दलीय, कर्नाटक) – ₹1,267 करोड़
प्रियकृष्ण (कांग्रेस, कर्नाटक) – ₹1,156 करोड़
एन. चंद्रबाबू नायडू (टीडीपी, आंध्र प्रदेश) – ₹931 करोड़
पोंगुरु नारायण (टीडीपी, आंध्र प्रदेश) – ₹824 करोड़
वाई.एस. जगन मोहन रेड्डी (वाईएसआरसीपी, आंध्र प्रदेश) – ₹757 करोड़
वी. प्रशांति रेड्डी (टीडीपी, आंध्र प्रदेश) – ₹716 करोड़
जयंतीभाई सोमाभाई पटेल (भाजपा, गुजरात) – ₹661 करोड़
सुरेशा बी.एस. (कांग्रेस, कर्नाटक) – ₹648 करोड़
सबसे गरीब विधायक कौन हैं?
जहां पराग शाह भारत के सबसे अमीर विधायक हैं, वहीं पश्चिम बंगाल के इंडस से भाजपा विधायक निर्मल कुमार धारा ने अपनी संपत्ति मात्र रूपये 1,700 घोषित की है।
किस पार्टी के पास सबसे ज्यादा अमीर विधायक?
एडीआर रिपोर्ट के अनुसार, भाजपा के 1,653 विधायकों की कुल संपत्ति ₹26,270 करोड़ है, जो प्रति विधायक औसतन ₹15.89 करोड़ होती है। कांग्रेस इस सूची में दूसरे स्थान पर है, जिसके 646 विधायकों की कुल संपत्ति ₹17,357 करोड़ है। तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) के केवल 134 विधायक हैं, लेकिन कुल संपत्ति ₹9,108 करोड़ के साथ तीसरे स्थान पर है।
यह रिपोर्ट दर्शाती है कि भारत के विधायकों के बीच संपत्ति का बड़ा अंतर है। जहां कुछ विधायक हजारों करोड़ की संपत्ति के मालिक हैं, वहीं कुछ के पास बेहद सीमित संपत्ति है। इस असमानता से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर आगे भी चर्चा होती रहेगी।