Weather Update: दिल्ली NCR में मौसम हुआ सुहावना, कल बारिश की सम्भावना

Authored By: News Corridors Desk | 01 Jun 2025, 12:18 PM
news-banner

भारत में इस साल मानसून ने समय से पहले ही अपनी दस्तक दे दी है। देश के कई हिस्सों में मौसम ने अचानक करवट ली है, जिससे गर्मी से राहत तो मिली है, लेकिन कुछ जगहों पर भारी बारिश और भूस्खलन की भी आशंका बनी हुई है। महाराष्ट्र से लेकर पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत तक बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने कई राज्यों के लिए चेतावनी जारी की है।

मुंबई में एक सदी की सबसे ज्यादा मई बारिश


महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में इस बार मानसून ने समय से पहले दस्तक दी है। इस साल मई में ही 295 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई, जो पिछले 100 वर्षों में सबसे ज्यादा है। आमतौर पर मानसून जून के मध्य में आता है, लेकिन इस बार यह 16 दिन पहले ही मुंबई पहुंच गया—जो 1950 के बाद पहली बार हुआ है।
आज मुंबई का अधिकतम तापमान 34°C और न्यूनतम 27°C रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में हल्की से मध्यम बारिश की चेतावनी दी है।

दिल्ली-एनसीआर में मौसम सुहावना


राजधानी दिल्ली और एनसीआर में भी मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। गर्म हवाओं और लू के बीच अब राहत की फुहारें मिलने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार 1 और 2 जून को दिल्ली-एनसीआर में तेज आंधी और गरज के साथ बारिश हो सकती है, जिससे अधिकतम तापमान 39°C से नीचे आ सकता है। 3 और 4 जून को भी रुक-रुक कर बारिश की संभावना है।

पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश का कहर


पूर्वोत्तर भारत के असम और मेघालय में भी भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। गुवाहाटी और आसपास के इलाकों में जलभराव और भूस्खलन की आशंका जताई गई है। पहले से ही असम और मेघालय बाढ़ और भूस्खलन से जूझ रहे हैं, ऐसे में और बारिश से हालात और बिगड़ सकते हैं।

दक्षिण भारत में भी झमाझम बारिश, केरल-कर्नाटक में रेड अलर्ट


केरल, कर्नाटक और गोवा में लगातार बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने इन राज्यों के कई जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है। केरल में कई स्थानों पर भारी बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है और प्रशासन ने राहत कार्य तेज कर दिए हैं।