सुनील बंसल का देवबंद के बाद नोएडा में मिशन 'वन नेशन, वन इलेक्शन'

Authored By: News Corridors Desk | 04 May 2025, 02:05 PM
news-banner
रविवार, 4 मई 2025 को नोएडा स्टेडियम में ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ अभियान के तहत एक विशाल दौड़ प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसका उद्देश्य देशभर में लोकसभा और विधानसभा चुनावों को एक साथ कराने की आवश्यकता को लेकर आम जनता में जागरूकता फैलाना रहा।

 शिवराज सिंह चौहान ने दिखाई हरी झंडी

इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान रहे। उन्होंने स्टेडियम के गेट नंबर 5 से हरी झंडी दिखाकर दौड़ की शुरुआत की। शिवराज सिंह ने इस मौके को ऐतिहासिक करार देते हुए कहा:

“नोएडा की सड़कों पर आज नया इतिहास रचा गया है। देश को बार-बार चुनाव की बाधा से मुक्त कराना जरूरी है। इससे न केवल विकास रुकता है बल्कि जनता का उत्साह भी प्रभावित होता है।”

 शिवराज सिंह चौहान का संदेश

मीडिया से बातचीत में शिवराज सिंह चौहान ने कहा:

"बार-बार चुनाव देश की विकास यात्रा को बाधित करते हैं। इससे संसाधनों की बर्बादी होती है और आचार संहिता के कारण जनकल्याण योजनाएं भी थम जाती हैं। एक साथ चुनाव होने से देश को एक स्थिर और तेज़ विकास का रास्ता मिलेगा। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी संकल्प है।"

सुनील बंसल बोले-इससे विकास दर में आएगी तेजी 

इस आयोजन में भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी रही, जिन्होंने इस अभियान को मजबूती देने की बात कही।
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल ने कहा:

“'वन नेशन, वन इलेक्शन' से चुनावी खर्च कम होगा और देश की विकास दर में तेजी आएगी। आज हजारों लोगों ने दौड़ में शामिल होकर इस विचार को समर्थन दिया है।”

 हजारों लोगों ने लिया दौड़ में हिस्सा

इस आयोजन में हजारों की संख्या में पुरुषों, महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। दौड़ में शामिल लोगों का जोश देखने लायक था। हर आयु वर्ग के लोग 'वन नेशन, वन इलेक्शन' के समर्थन में सड़कों पर दौड़ते नजर आए।

कार्यक्रम की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस प्रशासन द्वारा भारी सुरक्षा बल तैनात किया गया। पूरे नोएडा स्टेडियम परिसर और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस की सख्त निगरानी रही।


कौन-कौन रहा मौजूद

इस कार्यक्रम में शामिल प्रमुख हस्तियां:

सुनील बंसल – भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री

डॉ. महेश शर्मा – सांसद, गौतम बुद्ध नगर

पंकज सिंह – विधायक, नोएडा

तेजपाल नागर – विधायक, दादरी

सुरेंद्र नागर – राज्यसभा सांसद

महेश चौहान – भाजपा अध्यक्ष, नोएडा

देवबंद में क्या बोले सुनील बंसल 

वहीं आपको बता दें इससे पहले भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल ने उत्तर प्रदेश के देवबंद में 'एक राष्ट्र एक चुनाव विषय' कार्यक्रम को संबोधित किया था।  इस कार्यक्रम में सुनील बंसल ने कहा कि बार बार चुनाव होना देश के विकास में ब्रेकर के समान है। 

उन्होने कहा कि अगर हम चाहते है कि देश प्रगति के पथ पर आगे बढ़े और लोकतंत्र मजबूत हो, तो इसके लिए देश में एक साथ चुनाव होना आवश्यक है। एक चुनाव से भारत विकसित होने के साथ-साथ आत्मनिर्भर बनेगा।

 मेपल्स एकेडमी प्रांगण में पीडब्ल्यूडी राज्यमंत्री कुंवर बृजेश सिंह द्वारा आयोजित कराए गए एक राष्ट्र एक चुनाव कार्यक्रम में पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल ने कहा कि बार बार चुनाव होने से समय के साथ देश के धन की बर्बादी है।

इस कार्यक्रम में पद्मश्री आचार्य भारत भूषण, अशोक श्रीवास्तव एवं उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री  कुंवर ब्रजेश सिंह सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे